महाराष्ट्र के अस्पतालों में 20 जुलाई को ओपीडी बंद रहेगी, आईएमए ने की घोषणा


मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने महाराष्ट्र में डोंबिवली के शास्त्रीनगर म्युनिसिपल हॉस्पिटल में डॉक्टरों पर हुए हिंसक हमले के विरोध में एक दिन के लिए हड़ताल की घोषणा की है। इस दौरान रूटीन हेल्थकेयर सेवाएं बाधित रहेंगी।

आईएमए ने कहा कि डोंबिवली के शास्त्रीनगर म्युनिसिपल हॉस्पिटल में डॉक्टरों, नर्सों और हेल्थकेयर वर्करों पर हुए बर्बर और हिंसक हमले ने मेडिकल जगत में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। अपनी ड्यूटी निभा रहे हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के खिलाफ हिंसा केवल व्यक्तियों पर हमला नहीं है बल्कि यह पूरे हेल्थकेयर सिस्टम पर हमला है।

इस गंभीर घटना के कड़े विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) महाराष्ट्र राज्य ने पूरे राज्य में 24 घंटे के लिए सभी रूटीन हेल्थकेयर सेवाएं रोकने का फैसला किया है। 20 जुलाई को सुबह 6:00 बजे से 21 जुलाई को सुबह 6:00 बजे तक यह हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान सभी रूटीन ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। इलेक्टिव सर्जरी और रूटीन मेडिकल सेवाएं सस्पेंड रहेंगी। इमरजेंसी सेवाएं, इंटेंसिव केयर यूनिट्स (आईसीयू), मैटरनिटी सेवाएं और जीवन बचाने वाले सभी इलाज बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे।

इस विरोध प्रदर्शन को एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी और चिकित्सा की अन्य सभी पद्धतियों के डॉक्टरों के साथ-साथ विभिन्न मेडिकल एसोसिएशन, नर्सिंग एसोसिएशन, पैरामेडिकल स्टाफ, हेल्थकेयर वर्कर और हेल्थकेयर सेक्टर से जुड़े कई संगठनों का समर्थन मिलेगा।

गौरतलब है कि 8 जुलाई को डोंबिवली के शास्त्रीनगर म्युनिसिपल हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने एक नवजात शिशु के परिवार को सलाह दी कि वे बच्चे को दूसरे अस्पताल ले जाएं क्योंकि वहां नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट में कोई बेड उपलब्ध नहीं था। इस से नाराज परिवार ने कथित तौर पर कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे से संपर्क किया, जो अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे। एक वायरल वीडियो में कॉर्पोरेटर अस्पताल परिसर के अंदर डॉक्टर से मारपीट करते हुए दिखे। इसे लेकर राजनीति भी तेज हो गई है जबकि दो डॉक्टरों द्वारा इस्तीफा दिए जाने की भी खबर है।

–आईएएनएस

ओपी/पीएम


Show More
Back to top button