राजेंद्रनाथ लाहिड़ी की जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को किया नमन

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर क्रांतिकारी राजेंद्रनाथ लाहिड़ी की जयंती पर सोमवार को विभिन्न राज्यों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर राजेंद्रनाथ लाहिड़ी को ‘क्रांति पथ का अडिग राही’ बताते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “मातृभूमि की स्वतंत्रता हेतु उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के युवाओं को सदैव देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने हेतु प्रेरित करता रहेगा।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी लाहिड़ी को काकोरी ट्रेन एक्शन के प्रमुख नायकों में से एक बताते हुए उन्हें शत-शत नमन किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “काकोरी ट्रेन एक्शन के नायकों में से एक, माँ भारती के वीर सपूत एवं अदम्य साहस के प्रतीक अमर क्रांतिकारी राजेंद्रनाथ लाहिड़ी जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन! राजेंद्रनाथ लाहिड़ी जी ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर राष्ट्रभक्ति, त्याग और वीरता की अमर गाथा लिखी। उनका राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण आज भी युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।”
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के युवा क्रांतिकारी, जागृत भारतीय स्वाभिमान के प्रतीक, अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी जी की जयंती पर शत शत नमन।”
भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह चौधरी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने वाले महान क्रांतिकारी अमर शहीद राजेंद्रनाथ लाहिड़ी जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले राजेंद्रनाथ लाहिड़ी जी का त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका अमर बलिदान सदैव देशवासियों में राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना का संचार करता रहेगा।”
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी राजेंद्रनाथ लाहिड़ी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा, “अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान के प्रतीक, काकोरी ट्रेन एक्शन के नायक राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उनका साहस, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रेरित करता रहेगा।”
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले, काकोरी कांड के अमर नायक, महान क्रांतिकारी शहीद राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।”
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम