ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- 2027 में सपा का होगा सफाया


लखनऊ, 29 जून (आईएएनएस)। सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर दावा करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव में समाजवादी पार्टी का सफाया तय है। ओपी राजभर ने सपा पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।

ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “सुनिये, ‘राजा बाबू’ उर्फ अखिलेश यादव जी! जान रहा हूं कि आपके समर्थकों का एक वर्ग अपनी लाठी को तेल पिला रहा है, तो दूसरा चाकू और तलवार में धार।”

“हमें मालूम है कि पिछले लगभग 10 साल से आप हम लोगों के खिलाफ अपने मन में भरकर बैठे हो। बस सरकार बदलने का सपना देख रहे रहे हो कि किसी तरह से ‘राजा बाबू’ यानी आपकी सरकार बन जाए…और लाल टोपी लगाकर आपके गुंडे-मवाली-माफिया थानों को कब्जा कर लें। उसके बाद आपके लोग पूरे प्रदेश में PDA- ‘पीट देगा अहीर’, ‘पीट देगा अल्पसंख्यक’ (सपाई) और KDA- ‘काट देगा अहीर’, ‘काट देगा अल्पसंख्यक’ (सपाई) अभियान चालू कर दें।”

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “हमें ये पता है कि आप लोगों का सबसे सॉफ्ट टारगेट पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, लोनिया, फकीर और बंजारा जैसी बहुजन जातियां ही होंगी। आप लोग हम लोगों को मारोगे-पीटोगे, दंगा करवाकर सपाई मुसलमानों से हमारे घरों को लुटवाओगे फिर आग में झोंक दोगे, हमारी बहन-बेटियों के साथ गलत काम करोगे।”

“हम यह भी जानते हैं कि आपके समर्थक पिछले लगभग दस साल से हमारे घरों और जमीनों पर गिद्ध की तरह आंख गड़ाए बैठे हैं। कब्जा करने के लिए रोज हमारे घर और खेत का भाव पता कर रहे हैं। आपके समर्थक यही तो घूम-घूमकर कह रहे हैं, कि बस एक मौका मिल जाए। फिर बताते हैं।”

ओपी राजभर ने कहा, “सुन लो, अखिलेश जी! हम बहुजन जातियों के लोग अपने घरों को लुटवाने, जमीनों को कब्जा करवाने और अपनों कि हत्या करवाने का मौका आपको कतई नहीं देने वाले। आप 2017 में हारे, 2022 में पिटे और अब 2027 में सपा को सफाचट करेंगे। लिखकर रख लीजिए।”

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम


Show More
Back to top button