बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' का नया गाना 'क्यों मजा आ रहा है' रिलीज

मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। बॉबी देओल स्टारर फिल्म ‘बंदर’ सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। यह एक सस्पेंस क्राइम थ्रिलर है, जिसमें बॉबी देओल एक टीवी स्टार की भूमिका में हैं। गुरुवार को फिल्म का नया गाना ‘क्यों मजा आ रहा है’ रिलीज किया गया।
बॉबी देओल ने इंस्टाग्राम पर गाना शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “मजेदार, थोड़ा शरारती… लेकिन बहुत ज्यादा आकर्षक। गाना ‘क्यों मजा आ रहा है’ अब रिलीज हो चुका है।”
गाने में बॉबी देओल और सपना पब्बी हैं। गाने में बॉबी देओल के किरदार का एक सॉफ्ट साइड देखने को मिल रहा है। रोमांटिक ट्रैक में फिल्म की इमोशनल दुनिया की झलक देखने को मिलती है। सॉफ्ट मेलोडी के पीछे रिश्तों की टूटन, मानसिक संघर्ष और भावनाओं को दिखाया गया है।
गाने को विशाल मिश्रा ने गाया और कंपोज किया है। इससे पहले वे ‘बॉर्डर 2’ का ‘जाते हुए लम्हों’ के अलावा ‘कैसे हुआ,’ ‘तुम हो तो,’ और ‘दीवानियत’ जैसे कई गाने गा चुके हैं।
इससे पहले फिल्म के मेकर्स टीजर रिलीज कर चुके हैं, जिसमें बॉबी का एक अलग अवतार देखने को मिला, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
यह फिल्म एक टीवी स्टार की कहानी है, जो दुष्कर्म के आरोपों और एक भ्रष्ट न्याय प्रणाली का सामना करता है।
फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोसले जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जो इससे पहले ‘पाताल लोक’, ‘कोहरा’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी चर्चित स्टोरीज पर काम कर चुके हैं।
‘बंदर’ का निर्माण निखिल द्विवेदी की सैफ्रॉन मैजिकवर्क्स ने किया है, जबकि फिल्म को जी स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम