असम: 21.36 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त, पांच गिरफ्तार


गुवाहाटी, 14 मई (आईएएनएस)। असम पुलिस ने एक बड़े एंटी-नारकोटिक्स (नशा विरोधी) अभियान में लगभग 21.36 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की और कामरूप जिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने गुरुवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी।

यह कार्रवाई कामरूप पुलिस और असम स्पेशल टास्क फोर्स ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर मिलकर की।

पुलिस के अनुसार, पड़ोसी राज्य से आ रही एक बस को गुवाहाटी के बाहरी इलाके अमिंगांव में अभियान के दौरान रोका गया।

वाहन की पूरी तलाशी लेने पर सुरक्षा कर्मियों को बस के अंदर छिपाकर रखी गई 2.5 किलोग्राम हेरोइन और 8 किलोग्राम अफीम मिली।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की और इस अभियान में शामिल पुलिस टीमों की सराहना की।

उन्होंने कहा, ”असम में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ पकड़े गए हैं। कामरूप पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 21.36 करोड़ रुपए की ड्रग्स बरामद हुई है। एक पड़ोसी राज्य से आ रही बस को अमिंगांव में रोका गया, जिसमें 2.5 किलो हेरोइन और 8 किलो अफीम मिली। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।”

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशीला सामान कहां से आया और कहां ले जाया जा रहा था, साथ ही अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से इसके संबंधों की जांच की जा रही है।

अधिकारियों को शक है कि यह ड्रग्स पूर्वोत्तर क्षेत्र में चल रहे बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।

यह जब्ती असम सरकार के ‘असम अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के तहत हुई है, जिसे राज्य प्रशासन ने शुरू किया है।

पिछले कुछ वर्षों में असम पुलिस और अन्य एजेंसियों ने राज्य में ड्रग तस्करों और गिरोहों के खिलाफ कई अभियान चलाए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच अभी जारी है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button