वनडे रैंकिंग में नेपाल के खिलाड़ियों ने लगाई छलांग


दुबई, 20 मई (आईएएनएस)। आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में शानदार प्रदर्शन की बदौलत नेपाल के कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार देखने को मिला है। नेपाल ने बीते हफ्ते अगले साल होने वाले आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप की राह पर यूएसए और स्कॉटलैंड के खिलाफ लगातार जीत हासिल की थी, जिसमें उसके गेंदबाजों की अहम भूमिका रही।

इस दौरान अनुभवी ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा, जिन्होंने यूएसए के खिलाफ चार विकेट हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ 26 वर्षीय दीपेंद्र वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन स्थान की छलांग लगाते हुए 79वें स्थान पर पहुंच गए हैं। हरफनमौला प्रदर्शन के साथ उन्होंने वनडे ऑलराउंडर्स की लिस्ट में भी तीन स्थान की छलांग लगाई, जिसके साथ वह 25वें स्थान पर पहुंच गए।

नेपाल की स्पिन जोड़ी ने भी रैंकिंग में सुधार किया है। संदीप लामिछाने छह स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 36वें पायदान पर पहुंच गए हैं, जबकि ललित राजबंशी 16 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 53वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

इन बदलावों के बावजूद, अफगानिस्तान के ऑलराउंडर राशिद खान 705 रेटिंग अंकों के साथ वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में अपना दबदबा बनाए हुए हैं, जबकि उनके साथी खिलाड़ी अजमतुल्लाह उमरजई वनडे में नंबर 1 ऑलराउंडर बने हुए हैं।

स्कॉटलैंड के शानदार फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी ब्रैंडन मैकमुलन ने भी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है। नेपाल के खिलाफ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 73 रनों की पारी खेलने के बाद वे ऑलराउंडर्स की सूची में दो स्थान ऊपर चढ़कर कुल मिलाकर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस पारी की बदौलत मैकमुलन वनडे बल्लेबाजों की सूची में भी छह स्थान ऊपर चढ़कर 53वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

नेपाल के बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन के साथ रैंकिंग में सुधार किया है। ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में साईतेजा मुक्कमल्ला 5 स्थान ऊपर चढ़कर 61वें पायदान पर पहुंच गए हैं, जबकि आसिफ शेख 7 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 86वें पायदान पर पहुंच गए हैं।

वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिशेल शीर्ष पर काबिज हैं। विराट कोहली, इब्राहिम जादरान, रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रमश: दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button