ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया, कहीं नाराजगी तो कहीं समर्थन

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। देशभर में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर और सीएनजी में 2 रुपये की बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग जल्द से जल्द अपनी गाड़ियां फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे।
दिल्ली में बढ़ती महंगाई को लेकर लोगों में नाराजगी भी दिखाई दी। एक स्थानीय निवासी ने आईएएनएस से कहा, “हर दिन जिंदगी महंगी होती जा रही है। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए और कोई समाधान निकालना चाहिए।”
एक अन्य व्यक्ति ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को सबसे पहले अपने खर्च कम करने चाहिए और मंत्रियों को भी खर्च घटाना चाहिए। 14 साल हो गए लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट अब तक बेहतर क्यों नहीं हुआ? आम आदमी की जिंदगी मुश्किल हो गई है।”
वहीं, गाजियाबाद में कुछ लोगों ने सरकार का समर्थन भी किया। एक उपभोक्ता ने कहा, “मौजूदा सरकार ने कई अच्छे काम किए हैं। युद्ध जैसी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण 3 रुपये की बढ़ोतरी बहुत बड़ी बात नहीं है। दूसरे देशों में कीमतें 10 से 15 रुपये तक बढ़ी हैं जबकि भारत में केवल 3 रुपये बढ़े हैं। यह अपने आप में सकारात्मक संकेत है।
उधर, जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में भी पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोग डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने के बाद टैंक फुल कराने के लिए उमड़ पड़े।
बारामूला के एक उपभोक्ता ने कहा, “इसका असर हर किसी पर पड़ेगा, लेकिन यह पूरी तरह सरकार के नियंत्रण में नहीं है। यह अंतरराष्ट्रीय हालात की वजह से हो रहा है। जब युद्ध खत्म होगा, तभी हालात सामान्य और स्थिर हो पाएंगे।”
तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आम लोगों के बीच चिंता, नाराजगी और समर्थन तीनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
–आईएएएनएस
वीकेयू/पीएम