मेंडिस की अर्धशतकीय पारी, वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में श्रीलंका ने 9 विकेट खोकर बनाए 147 रन

जमैका, 12 जून (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला किंग्स्टन के सबीना पार्क में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 147 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए हैं। टीम की ओर से कामिंदु मेंडिस ने अर्धशतकीय पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को पथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। निसांका 14 गेंदों में 18 रन बनाने के बाद जेसन होल्डर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। वहीं, नंबर तीन पर उतरे लसिथ क्रुस्पुल्ले गोल्डन डक पर पवेलियन लौटे।
वहीं, पवन रत्नायके भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 4 रन बनाकर चलते बने। कप्तान मेंडिस ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। दासुन शनाका संघर्ष करते हुए नजर आए और उन्होंने 22 रन बनाने के लिए 23 गेंदें खेलीं।
एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बावजूद कामिंदु मेंडिस ने टीम के लिए संकटमोचक साबित हुए। मेंडिस ने 39 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि, एक छोर से श्रीलंकाई टीम के विकेट लगातार गिरते रहे और टीम 20 ओवर में 147 रनों के टोटल तक ही पहुंच सकी। पारी के आखिरी ओवर में टीम ने दो विकेट गंवाकर सिर्फ 6 रन ही जोड़े।
गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर और शेमार जोसेफ का प्रदर्शन दमदार रहा। होल्डर और जोसेफ ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, रोस्टन चेज ने एक विकेट चटकाया। इससे पहले, श्रीलंका ने तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया था। सीरीज का दूसरा और तीसरा वनडे मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा था। वहीं, पहले एकदिवसीय मुकाबले में श्रीलंका ने वेस्टइंडीज को 41 रनों से हराया था।
–आईएएनएस
एसएम/एएस