हमने सीरीज में बहुत हिम्मत दिखाई, जीत की खुशी शब्दों में बयां नहीं कर सकता: नजमुल शांतो


ढाका, 11 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज जीत ली है। गुरुवार को ढाका में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में डीएलएस नियम के तहत बांग्लादेश ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बन ली है।

बांग्लादेश की जीत के बाद टीम के कप्तान नजमुल हसन शांतो ने कहा, “यह जीत बहुत मायने रखती है। मैं खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यह बहुत शानदार एहसास है। हमने इस सीरीज में बहुत हिम्मत दिखाई। पिछले कुछ महीनों में हमने बहुत मेहनत की है। हम अपने खेल को बेहतर बनाना चाहते थे। पिछले दो मैचों में हमने जैसा खेल दिखाया, वह बेहतरीन था। मुझे इस टीम का हिस्सा होने पर बहुत गर्व है।”

शांतो ने कहा, “हम एक टीम के तौर पर खेलना चाहते थे, हर स्किल को बेहतर करना चाहते थे और हर खिलाड़ी हर मैच में योगदान देना चाहता था। चाहे वह फील्डिंग हो या गेंदबाजी। हम बस ऐसा ही खेलना चाहते थे। खिलाड़ियों ने बहुत जज्बा दिखाया, खासकर वे जो नहीं खेल रहे थे और डगआउट में बैठे थे। उन्होंने भी बहुत मदद की। ऐसा लगता है कि हम एक टीम के तौर पर खेले। हमें उन छोटी-छोटी चीजों को जारी रखना होगा।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि अगर हम इसी तरह खेलते रहे, तो बहुत सुधार कर सकते हैं। आखिरी वनडे बहुत जरूरी है। पिछले दो मैचों की तरह अच्छा क्रिकेट खेलना जरूरी है। हम आखिरी मैच भी जीतना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए हमें अच्छा क्रिकेट खेलना होगा। मुझे उम्मीद है कि हम फिर से अच्छा क्रिकेट खेलेंगे।”

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। ऑस्ट्रेलिया 42 ओवर में 8 विकेट पर 187 रन पर थी, जब बारिश की वजह से पारी आगे नहीं बढ़ सकी। बांग्लादेश को डीएलएस नियम के तहत 41 ओवर में 192 रन का संशोधित लक्ष्य दिया गया। बांग्लादेश ने 35 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत लिया। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रहमान ने 7 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button