जानिए पुरुष और महिला वर्ग में कौन-कौन खिलाड़ी 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड के लिए नामित?


दुबई, 10 जून (आईएएनएस)। मई माह के लिए ‘आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड के लिए नेपाल के ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह एरी, बांग्लादेश के तैजुल इस्लाम और मुशफिकुर रहीम, जबकि महिलाओं की श्रेणी में, इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल, पाकिस्तान की बल्लेबाज गुल फिरोजा और न्यूजीलैंड की मैडी ग्रीन को नामित किया गया है।

बांग्लादेशी स्पिनर तैजुल इस्लाम भी बांग्लादेश के लिए अहम रहे, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 से ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई। बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने सीरीज के दो मुकाबलों में 19.61 की औसत से 13 विकेट लिए। वह सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।

बांग्लादेशी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम टेस्ट सीरीज में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए थे। रहीम ने दो टेस्ट मुकाबलों में 63.25 की औसत से कुल 235 रन बनाए, जिसमें पहले टेस्ट की पहली पारी में 71 रन और दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में मैच जिताऊ 137 रन शामिल हैं।

वहीं, दीपेंद्र सिंह ऐरी ने कीर्तिपुर में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में शानदार प्रदर्शन किया था। नेपाल के इस ऑलराउंडर ने महीने की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ शतक के साथ की और सीरीज का समापन 6 वनडे मुकाबलों में 49.80 की औसत से 249 रन बनाकर किया। इसके साथ ही, उन्होंने 4.52 की इकॉनमी से 8 विकेट भी हासिल किए, जिसमें संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ 24/4 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

महिलाओं की श्रेणी में, इंग्लिश तेज गेंदबाज लॉरेन बेल को आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले खेल के कई फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के कारण नामित किया गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के 3 मुकाबलों में 5 विकेट लेने वाली बेल इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। इसके बाद न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में आठ और विकेट हासिल किए।

पाकिस्तान की गुल फिरोजा के लिए यह महीना शानदार रहा, जिन्हें कराची में जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से वनडे सीरीज जीत में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। इस ओपनिंग बल्लेबाज ने सीरीज में 256 रन बनाए, जिसमें 50, 100 और नाबाद 106 रन की पारियां शामिल थीं। इसके अलावा, फिरोजा ने टी20 सीरीज में भी 82 रन जुटाए, जिसमें 47 गेंदों पर 75 रन की पारी शामिल थीं।

न्यूजीलैंड की मैडी ग्रीन महिलाओं की श्रेणी में तीसरी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के साथ ड्रॉ हुई वनडे सीरीज में अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। ग्रीन ने तीन वनडे मुकाबलों में 83.33 के स्ट्राइक रेट से 125 रन बनाए। इस दौरान चेस्टर-ले-स्ट्रीट में 88 रन की पारी खेली। इसके साथ ही तीन टी20 मुकाबलों में 93 रन और जोड़े, जिसमें दूसरे मैच में नाबाद 56 रन की पारी भी शामिल थी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button