दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जस्टिन केम्प बने 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट', क्रिकेट नामीबिया ने दी जानकारी

विंडहोक, 10 जून (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जस्टिन केम्प को क्रिकेट नामीबिया का नया ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ बनाया गया है। बुधवार को क्रिकेट नामीबिया ने इसकी घोषणा की।
क्रिकेट नामीबिया ने बुधवार को एक बयान में कहा, “डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट के तौर पर, केम्प क्रिकेट नामीबिया में क्रिकेट ऑपरेशन्स की रणनीतिक दिशा की देखरेख करेंगे। इसमें राष्ट्रीय टीमें, हाई-परफॉर्मेंस प्रोग्राम, टैलेंट की पहचान करने वाले स्ट्रक्चर, कोचों के विकास के तरीके और पूरे देश में खेल का लगातार विकास शामिल है।”
बोर्ड ने कहा, “यह नियुक्ति क्रिकेट नामीबिया के एक वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट देश बनने के विजन के अनुरूप है। केम्प के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव और दुनिया के कुछ बेहतरीन हाई-परफॉर्मेंस और फ्रेंचाइजी माहौल में काम करने का अनुभव, संगठन की क्रिकेट सिस्टम को मजबूत करने और ग्रासरूट लेवल से इंटरनेशनल सफलता तक के लिए टिकाऊ रास्ते बनाने की कोशिशों में मदद करेगा।”
क्रिकेट नामीबिया ने कहा, “जैसे-जैसे क्रिकेट नामीबिया मैदान के अंदर और बाहर हालिया उपलब्धियों को आगे बढ़ा रहा है, यह नियुक्ति यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है कि नामीबियाई क्रिकेट वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बना रहे और साथ ही खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी भी तैयार हो।”
केम्प ने 2001 से 2007 तक दक्षिण अफ्रीका के लिए एक दाएं हाथ के गेंदबाज और बल्लेबाज के तौर पर चार टेस्ट, 85 वनडे और आठ टी20 मैच खेले। टेस्ट में उनके नाम 9 विकेट और 80 रन, वनडे में 32 विकेट और 1,512 रन, और टी20 में 203 रन हैं।
केम्प आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए उनके खिताब जीतने वाले सीजन (2010) में खेल चुके हैं। पिछले साल नामीबिया के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने से पहले 2024 में दक्षिण अफ्रीकी घरेलू क्रिकेट सिस्टम में वेस्टर्न प्रोविंस के सहायक कोच थे। केम्प बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) और पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में भी कोचिंग कर चुके हैं।
–आईएएनएस
पीएके