केतन अग्रवाल केस : तीन बार कोशिश, ऊंचाई से डर, अपनों की साजिश से नहीं बच सका युवक

पुणे, 23 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तालुका स्थित लोहागढ़ किले पर युवक केतन अग्रवाल की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआत में दुर्घटना मानी जा रही यह घटना अब हत्या का मामला साबित होती नजर आ रही है। लोणावला ग्रामीण पुलिस की जांच में सामने आया है कि केतन की हत्या कथित तौर पर उसकी होने वाली पत्नी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन ने मिलकर की।
जानकारी के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरने के कारण मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस द्वारा जुटाए गए तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया।
पुलिस जांच में पता चला है कि केतन को लोहागढ़ किले पर ले जाने की तीन बार कोशिश की गई थी। ऊंचाई से डर लगने के कारण वह वहां जाने से लगातार इनकार कर रहा था। हालांकि, सिया गोयल के बार-बार आग्रह करने के बाद वह आखिरकार लोहागढ़ जाने के लिए तैयार हो गया।
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी मिला, जिसमें चेतन कड़ी धूप के बावजूद हुडी पहनकर लोहागढ़ की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस का मानना है कि यह फुटेज मामले की जांच में अहम साबित हुआ। इसके अलावा, अन्य तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका को मजबूत माना और जांच उसी दिशा में आगे बढ़ाई।
फिलहाल पुलिस ने सिया गोयल और चेतन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों के जुर्म कबूल करने की बात सामने आई है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है।
इस बीच, केतन के पिता और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपने बेटे को न्याय दिलाने की अपील की है।
मृतक के चाचा विजय अग्रवाल ने कहा कि हमें पता चला है कि केतन की हत्या हमारी ही होने वाली बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की है। पहले हमें यह एक हादसा लग रहा था, लेकिन अब सच्चाई कुछ और ही सामने आ रही है। हम पुलिस से न्याय मांग रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी होगी और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम