जौहरीपुर एसी में धमका होने से लगी आग, एक बच्चे की मौत, दूसरा झुलसा


नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के जौहरीपुर इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कर्दम मैरिज होम वाली गली स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर लगे एसी में अचानक धमाका होने से दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घायल बच्चे को तुरंत उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्चों के माता-पिता ड्यूटी पर गए हुए थे। दोनों बच्चे अपनी नानी के पास घर में मौजूद थे। अचानक एसी फटने से कमरे में आग और तेज धमाका हुआ, जिससे दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।

घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में एसी और बिजली उपकरणों की नियमित जांच न होने के कारण ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि गोकलपुरी पुलिस स्टेशन में आग लगने की घटना की सूचना मिली। करदम धर्मशाला के पास घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि पांच और चार साल के दो बच्चों को उनके माता-पिता काम पर जाने के कारण दूसरी मंजिल के एक कमरे में अकेला छोड़ गए थे। दोपहर लगभग 3:15 बजे बच्चों की नानी ने कमरे से धुआं निकलते देखा और वहां पहुंचने पर दोनों बच्चों को घायल पाया।

परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने चार साल के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। दूसरे बच्चे का इलाज चल रहा है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए। गोकलपुरी पुलिस स्टेशन में धारा 194 बीएनएसएस के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आगे की जांच जारी है।

–आईएएनएस

ओपी/डीकेपी


Show More
Back to top button