ऋषभ शेट्टी ने अमित शाह से की मुलाकात, बोले- इतिहास, संस्कृति और फिल्मों पर उनकी गहरी पकड़

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। ‘कांतारा’ फिल्म से ख्याति पाने वाले अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को अपने सबसे यादगार पलों में से एक और बेहद खास बताया है।
ऋषभ शेट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “मुझे गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह मेरे लिए बेहद यादगार पल था।”
उन्होंने बताया कि अमित शाह ने उनकी फिल्म ‘कांतारा’ और फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ की खूब सराहना की। दोनों फिल्मों पर चर्चा के दौरान शाह ने अपनी सराहना के शब्द साझा किए, जिससे ऋषभ शेट्टी काफी खुश नजर आए। ऋषभ शेट्टी ने आगे लिखा कि अमित शाह के साथ अपकमिंग प्रोजेक्ट्स पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यह समय उनके लिए बहुत शानदार रहा।
मुलाकात के दौरान सबसे खास बात यह रही कि अमित शाह ने भारत के इतिहास, संस्कृति, कला और फिल्म निर्माण के बारे में अपना गहरा ज्ञान साझा किया, इन विषयों पर उनकी गहरी पकड़ है। ऋषभ शेट्टी ने लिखा, “जब उन्होंने हमारे इतिहास, संस्कृति, कला और फिल्म निर्माण के बारे में अपनी गहरी समझ दिखाई तो मुझे बहुत खुशी हुई और मैं हैरान रह गया।”
यह मुलाकात ऋषभ शेट्टी के लिए खास इसलिए भी थी क्योंकि गृह मंत्री ने न सिर्फ उनकी फिल्मों की तारीफ की बल्कि भारतीय संस्कृति और सिनेमा के प्रति अपनी रुचि भी जताई।
‘कांतारा’ फिल्म ने पूरे देश में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। कर्नाटक की लोक संस्कृति, परंपराओं और भूत-पूजा पर आधारित यह फिल्म दर्शकों के दिलों में बस गई थी। ऋषभ शेट्टी दक्षिण भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और सांस्कृतिक फिल्मों के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
–आईएएनएस
एमटी/डीकेपी