झारखंडः गढ़वा में सिरफिरा युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, 25 दिनों में राज्य में ऐसी 11वीं घटना

गढ़वा, 14 जून (आईएएनएस)। झारखंड में मोबाइल और बिजली के टावरों पर चढ़कर हंगामा करने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गढ़वा जिले के खरौंधी बाजार में रविवार को एक युवक प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस और प्रशासन की घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पिछले 25 दिनों के दौरान राज्य में इस तरह की यह 11वीं घटना बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि टावर पर चढ़ने वाला युवक एक स्थानीय युवती से प्रेम करता था और पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। रविवार सुबह वह अचानक बाजार स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसे ऊंचाई पर देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत की और उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के चलते कुछ समय तक खरौंधी बाजार में लोगों की भारी भीड़ लगी रही और यातायात भी प्रभावित हुआ। झारखंड में हाल के दिनों में टावर पर चढ़ने की घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
बीते दिनों हजारीबाग में जमीन के म्यूटेशन में देरी से नाराज एक युवक 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। बोकारो में पुश्तैनी जमीन के विवाद को लेकर एक युवक टावर पर चढ़ा, जबकि रांची और धनबाद में प्रेम प्रसंग से जुड़े मामलों में युवती और युवक ने टावर पर चढ़कर हंगामा किया था। गिरिडीह में पिछले सप्ताह शराब के नशे में एक व्यक्ति 33 हजार केवी के बिजली टावर पर चढ़ गया था।
वहीं, गिरिडीह जिले में ही कुछ सप्ताह पहले एक युवक दूसरी शादी की जिद को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया था। गढ़वा के रंका क्षेत्र में भी हाल में प्रेम प्रसंग को लेकर इसी तरह की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश मामलों में लोग व्यक्तिगत विवाद, प्रेम संबंधों, पारिवारिक तनाव, जमीन संबंधी समस्याओं या भावनात्मक दबाव के कारण इस तरह के खतरनाक कदम उठा रहे हैं।
–आईएएनएस
एसएनसी/पीएम