सुरक्षा घेरे के बीच खाटू श्याम दरबार पहुंचीं जया प्रदा, भक्ति में लीन दिखीं अभिनेत्री

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा की वरिष्ठ अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा लंबे समय से अपने अभिनय और सादगी भरे व्यक्तित्व के कारण लोगों के बीच खास पहचान रखती हैं। अभिनय और राजनीति दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना चुकी जया प्रदा अक्सर धार्मिक स्थलों पर भी नजर आती हैं।
इस कड़ी में मंगलवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा वीडियो साझा किया, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस वीडियो में वह भक्ति के रंग में रंगी हुई दिखाई दी। जया प्रदा ने मंगलवार को राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने इस खास पल का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। वीडियो में अभिनेत्री पर्पल कलर के सूट में नजर आई।
वीडियो में वह मंदिर परिसर में पूरे श्रद्धा भाव से पूजा करती दिख रही हैं। इस दौरान उन्होंने सिंदूर से स्वास्तिक चिन्ह बनाया और फिर माथे पर तिलक लगाया। उनके आसपास सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम साफ नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो को साझा करते हुए जया प्रदा ने कैप्शन में लिखा, ”आज खाटू श्याम जी के दरबार में श्याम बाबा के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।”
अगर जयाप्रदा के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने भारतीय सिनेमा में एक लंबा सफर तय किया है। आंध्र प्रदेश में जन्मीं जया प्रदा ने बहुत कम उम्र में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी समेत कई भाषाओं की फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘सरगम’, ‘तोहफा’, ‘शराबी’, ‘संजोग’ और ‘आखिरी रास्ता’ जैसी फिल्में शामिल हैं। जया प्रदा ने अमिताभ बच्चन और जितेंद्र समेत कई बड़े सितारों के साथ काम किया। वह लंबे समय तक हिंदी सिनेमा की सबसे सफल अभिनेत्रियों में गिनी गईं।
फिल्मों में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा। वह कई सालों तक सक्रिय राजनीति का हिस्सा रहीं और उत्तर प्रदेश के रामपुर से सांसद भी चुनी गईं। अभिनय और राजनीति दोनों क्षेत्रों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
–आईएएनएस
पीके/एएस