भारतीय सेना से सम्मान पाकर ईशान खट्टर ने जताया गर्व, बोले- 'अब 45 कैवेलरी मेरी रेजिमेंट है'

मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता ईशान खट्टर को भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 45 कैवेलरी रेजिमेंट की मानद सदस्यता दी गई। यह सम्मान बहुत कम लोगों को मिलता है और इसे बेहद प्रतिष्ठित माना जाता है। ईशान खट्टर ने इस खास पल की तस्वीरें और वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर साझा की, जिसके बाद उनके फैंस और फिल्म जगत के लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
ईशान खट्टर ने जो तस्वीरें साझा कीं, उनमें वह सेना के अधिकारियों के साथ दिखाई दे रहे हैं। कुछ तस्वीरों में वह मुस्कुराते हुए सम्मान ग्रहण करते नजर आ रहे हैं, जबकि वीडियो में वह डांस करते देखे जा सकते हैं।
इन तस्वीरों के साथ ईशान खट्टर ने कैप्शन में लिखा, ”इंडियन आर्मर्ड कॉर्प्स की 45 कैवेलरी की ऑनरेरी मेंबरशिप मिलना जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान है। अब मैं इसे गर्व से अपनी रेजिमेंट कह सकता हूं। भारतीय सेना के बहादुर जवानों के साथ जुड़ना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”
ईशान ने कहा, ”मेरा जीवन हमेशा सेना की दुनिया से काफी अलग रहा है। कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मुझे भारतीय सेना से ऐसा सम्मान मिलेगा। यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास है।”
उन्होंने अपनी फिल्म ‘पिप्पा’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”इस फिल्म में मैंने एक सैनिक का किरदार निभाया था और उस भूमिका को पूरी सच्चाई और ईमानदारी से पर्दे पर उतारने की कोशिश की थी। एक कलाकार के तौर पर मैंने अपना बेस्ट देने कोशिश की और शायद उसी मेहनत की वजह से मुझे यह खास सम्मान मिला है।”
उन्होंने लिखा, ”यह सम्मान मुझे जिंदगी भर प्रेरणा देता रहेगा। अब मैं हर किरदार में और ज्यादा मेहनत के साथ काम करूंगा। सेना के अधिकारियों के साथ बिताई गई शाम मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगी। जय हिंद।”
बता दें कि भारतीय सेना की 45 कैवेलरी रेजिमेंट देश की प्रतिष्ठित आर्मर्ड रेजिमेंट्स में से एक है। यह रेजिमेंट अपनी बहादुरी, अनुशासन और युद्ध कौशल के लिए जानी जाती है। सेना में इसकी एक अलग पहचान और सम्मान है। इस तरह की मानद सदस्यता आमतौर पर उन लोगों को दी जाती है, जिन्होंने किसी न किसी रूप में देश, समाज या सेना के सम्मान को बढ़ाने में योगदान दिया हो। इसमें बड़े सैन्य अधिकारी, प्रसिद्ध हस्तियां और समाज के सम्मानित लोग शामिल होते हैं।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम