भारत की जीडीपी 7 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान, कच्चे तेल का दाम औसत 72 डॉलर प्रति बैरल रहने की उम्मीद: रिपोर्ट


नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। भारत के सकल घरेलू उत्पादन (जीडीपी) की वृद्धि दर 2026 में 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह अप्रैल के पहले के अनुमान 6.2 प्रतिशत से अधिक है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई।

बैंक ऑफ अमेरिका (बोफा) सिक्योरिटीज की रिपोर्ट में कहा गया कि 2027 में भारत की वृद्धि दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। साथ ही कहा कि 2026 की दूसरी छमाही में ब्रेंट क्रूड का दाम औसत 72 डॉलर प्रति बैरल रह सकता है और 2027 में यह 65 डॉलर प्रति बैरल रहने की उम्मीद है। हालांकि, शर्त यह है कि पश्चिम एशिया में शांति बनी रहे।

ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस ने 2026 के लिए ग्लोबल ग्रोथ आउटलुक को बढ़ाकर 3.2 प्रतिशत और 2027 के लिए 3.5 प्रतिशत कर दिया है। यह दोनों वर्षों के लिए अप्रैल में जारी किए आउटलुक से 10 आधार अंक अधिक है।

ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस ने रिपोर्ट में कहा, “हम इस साल के लिए ग्लोबल महंगाई दर का अनुमान घटाकर 3 प्रतिशत कर रहे हैं। इसके 2027 में घटकर 2.4 प्रतिशत और 2028 में 2.5 प्रतिशत होने का अनुमान है।”

रिपोर्ट में कहा गया है कि आगे चलकर अमेरिका से पैदा होने वाली सख्त वित्तीय स्थितियों से ग्लोबल इकॉनमी की परीक्षा हो सकती है। इसमें अनुमान लगाया गया है कि 2026 में सितंबर से शुरू होकर फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में 75 आधार अंक की बढ़ोतरी करेगा।

अमेरिका-ईरान शांति समझौते, कच्चे तेल की कीमतों में सुधार और 2026 की पहली तिमाही में उम्मीद से बेहतर जीडीपी आंकड़ों को देखते हुए, ब्रोकरेज हाउस को उम्मीद है कि उभरती हुई एशियाई अर्थव्यवस्थाओं (चीन को छोड़कर) की वृद्धि दर 2026 में 5.9 प्रतिशत रहेगी और 2027 में यह 5.8 प्रतिशत होगी।”

रिपोर्ट में बताया गया कि ग्लोबल इकॉनमी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेज विकास, चीन की जरूरत से ज्यादा प्रोडक्शन क्षमता, राजकोषीय असंतुलन और ग्लोबल स्तर पर जरूरत से ज्यादा लिक्विडिटी से गति मिल रही है।

इस साल की शुरुआत में अपने उच्चतम स्तर से कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 42 प्रतिशत की भारी गिरावट आई है और ये 72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं।

एक अन्य हालिया रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट के फिर से खुलने के बाद, 24 जून को वहां से गुजरने वाले जहाजों की संख्या का एक नया दैनिक रिकॉर्ड बना। इस दिन 78 जहाज़ वहां से गुज़रे, जो युद्ध-पूर्व के दैनिक वॉल्यूम का 57 प्रतिशत है और रिकवरी का संकेत देता है।

–आईएएनएस

एबीएस


Show More
Back to top button