अगर बच्चे नहीं चाहिए, तो शादी क्यों? अविनाश तिवारी ने बदलती सोच पर रखी बेबाक राय


मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्मी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता अविनाश तिवारी अपनी दमदार एक्टिंग और अलग तरह के किरदारों के लिए जाने जाते हैं। वह अपनी सोच और बेबाक विचारों को लेकर भी पहचाने जाते हैं। उन्होंने शादी जैसे अहम विषय पर अपनी राय पेश की है।

आईएएनएस से बात करते हुए अविनाश तिवारी ने कहा, “आज के दौर में शादी उतनी जरूरी नहीं है, जितनी पहले मानी जाती थी। शादी का महत्व तब ज्यादा होता है, जब कोई व्यक्ति परिवार शुरू करना चाहता है। अगर किसी का परिवार बनाने का इरादा नहीं है, तो शादी करना जरूरी नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, ”बिना शादी के भी दो लोग एक साथ रह सकते हैं और जीवनसाथी बन सकते हैं। किसी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए शादी जरूरी नहीं है, बल्कि समझ, सम्मान और आपसी जुड़ाव ज्यादा मायने रखता है।”

उम्र को लेकर भी अविनाश ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ”उम्र का फैक्टर तब सामने आता है, जब कोई बच्चा पैदा करने की योजना बना रहा होता है। यही कारण है कि लोग सही समय पर शादी करने की सलाह देते हैं, ताकि शारीरिक रूप से सब कुछ ठीक रहे, लेकिन अगर कोई व्यक्ति परिवार नहीं बनाना चाहता, तो उसके लिए उम्र कोई बड़ी बाधा नहीं होती और वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जी सकता है।”

अविनाश तिवारी ने कहा, ”समय के साथ समाज की सोच बदल रही है और मेडिकल साइंस में हुई तरक्की ने भी लोगों के नजरिए को बदला है। अब लोग शादी और उम्र को लेकर पहले जैसी सोच नहीं रखते। इसी बदलती सोच को समझाने के लिए ‘गिन्नी वेड्स सनी 2” जैसी फिल्मों में भी इन मुद्दों को दिखाया जा रहा है, ताकि लोग इन पर खुलकर सोच सकें।”

अपने निजी जीवन को लेकर अविनाश ने कहा, ”मेरे आसपास के लोग अक्सर सोचते हैं कि वह शादी के लिए लेट कर चुके हैं, लेकिन वह इस बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते और अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जीने में विश्वास रखते हैं।”

अविनाश तिवारी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ मेधा शंकर भी मुख्य भूमिका में होंगी।

–आईएएनएस

पीके/वीसी


Show More
Back to top button