बंगाल मतगणना में हुसैन दलवाई ने लगाया बाहरी हस्तक्षेप का आरोप, कहा- चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर संदेह


मुंबई, 3 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में मतगणना प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग द्वारा अतिरिक्त पर्यवेक्षकों की तैनाती को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्षता पर संदेह जताया है।

कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “ये लोग कहां से आए हैं और किस क्षेत्र से संबंधित हैं, यह स्पष्ट नहीं है। मैंने सुना है कि इन्हें केंद्र सरकार की ओर से भेजा गया है, जो कि गलत है। इस तरह के कार्यों के लिए स्थानीय अधिकारियों को ही जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। अन्य राज्यों में भी आमतौर पर यही प्रक्रिया अपनाई जाती है।”

दलवाई ने आगे कहा कि इस तरह की नियुक्तियों से आम जनता का चुनाव आयोग पर भरोसा कम हो रहा है। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और उसकी निष्पक्षता पर कोई भी सवाल लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा परिस्थितियों में आयोग की कार्यप्रणाली पर पारदर्शिता की कमी दिखाई दे रही है।

वहीं, विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में घोषित होने वाले चुनाव परिणामों को लेकर भी हुसैन दलवाई ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अंतिम परिणाम आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी, लेकिन उनका मानना है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सत्ता में वापसी कर सकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चुनाव प्रक्रिया के दौरान व्यापक अनियमितताएं हुई हैं। दलवाई के अनुसार, “चुनाव जिस तरह से सामान्यतः होते हैं, इस बार वैसा नहीं हुआ। बंगाल ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों जैसे असम में भी कई गड़बड़ियां देखने को मिली हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत एक कानून से चलने वाला देश है, लेकिन कुछ स्थानों पर ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जो कानून के खिलाफ प्रतीत होती हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस तरह की परिस्थितियां लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप नहीं हैं और इन पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

इसके अलावा, दिल्ली के विवेक विहार इलाके में हुए भीषण अग्निकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए दलवाई ने दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी में ऐसी घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती हैं। उनके अनुसार, सरकार को इस तरह की घटनाओं पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावी हो।

दलवाई ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को केवल प्रचार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करना चाहिए ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

–आईएएनएस

एसएके/एएस


Show More
Back to top button