हिमेश की जिंदगी की 'धुन' सोनिया, सिंगर ने खास अंदाज में विश की शादी की सालगिरह

मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। मशहूर गायक और कंपोजर हिमेश रेशमिया सोमवार को अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं। इस अवसर गायक ने अपनी पत्नी सोनिया कपूर के लिए खास पोस्ट किया।
गायक ने इंस्टाग्राम पर पत्नी संग तस्वीर पोस्ट की। इस पोस्ट के जरिए गायक ने पत्नी सोनिया को अपनी जिंदगी की हर धुन की जान बताया। उन्होंने लिखा, “मेरी खूबसूरत पत्नी सोनिया कपूर। आप मेरी जिंदगी की हर धुन के पीछे की आत्मा हो। हैप्पी वेडिंग एनिवर्सरी।”
हिमेश की पोस्ट सभी को काफी पसंद आ रही है। फैंस और उनके करीबी समेत कई लोगों ने शुभकामनाएं दी। निर्देशक फराह खान ने कमेंट सेक्शन में लिखा, “हो जाए, मेजर।” म्यूजिक प्रोड्यूसर अंशुल गर्ग ने हार्ट इमोजी से प्रतिक्रिया दी। सिंगर अदिति शर्मा ने लिखा, “शादी की सालगिरह मुबारक हो।”
हिमेश और सोनिया ने 11 मई, 2018 को सिंगर के अंधेरी, लोखंडवाला वाले घर पर पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। शादी में कपल के करीबी दोस्त और परिवार वाले शामिल हुए थे। हालांकि, यह सिंगर की दूसरी शादी थी। इससे पहले उनकी शादी कोमल रेशमिया से हुई थी, जिससे उन्हें एक बेटा है, जिसका नाम स्वयं है। शादी के एक दशक बाद, 2017 में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया था।
बॉलीवुड में अपने अनूठे सिंगिंग स्टाइल और चार्टबस्टर संगीत के लिए प्रसिद्ध हिमेश रेशमिया ने 1,300 से अधिक गानों में संगीत दिया है। हिमेश ने अभिनय की तरफ भी रुख किया था। उन्होंने 2007 में फिल्म ‘आपका सुरूर’ से अभिनय की शुरुआत की थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। एक अभिनेता के रूप में उनका करियर मिश्रित रहा। उन्होंने ‘कर्ज’, ‘रेडियो’, ‘द एक्सपोज’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया, लेकिन आलोचकों ने उनके अभिनय कौशल पर मिश्रित प्रतिक्रिया दी।
अभी हाल ही में सिंगर अपने नए गाने ‘शराब’ के साथ एक और जबरदस्त हिट लेकर आए हैं। इस नए गाने के लिए हिमेश ने म्यूजिक प्रोड्यूसर अंशुल गर्ग के साथ हाथ मिलाया है। इसमें गायक के साथ पूर्व मिस वर्ल्ड और अभिनेत्री मानुषी छिल्लर भी नजर आ रही हैं।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम