हसन और हुसैन सुहरावर्दी में फर्क नहीं जानती सरकार, सड़क के नाम बदलने पर पवन खेड़ा का तंज


नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर सत्ता हड़पने के बाद भाजपा अब चंदा चोरी भी करने लगी है। कम से कम अयोध्या को तो बख्श दें।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि आरोपों से साफ पता चलता है कि यह चोरी सरकार की जानकारी में हुई है और इसमें सीनियर अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। कहा जा रहा है कि पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई।

खेड़ा ने आगे कहा कि भगवान राम ने सिद्धांतों के लिए सत्ता छोड़ दी थी और अपनी बात पर कायम रहना उन्हें जान से भी ज्यादा प्रिय था, लेकिन आज उनके नाम पर सत्ता हासिल की जा रही है और चंदे का दुरुपयोग हो रहा है।

इसी बीच, पश्चिम बंगाल में सुहरावर्दी एवेन्यू रोड का नाम बदलने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि हसन सुहरावर्दी और हुसैन सुहरावर्दी में भाजपा की सरकार को अंतर नहीं पता है। सड़क किस सुहरावर्दी के नाम पर रखी गई थी। सरकार को पहले यह पता करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह सुहरावर्दी वो सुहरावर्दी हैं, जो एक महान शिक्षाविद्, विद्वान और शोधकर्ता थे। रवींद्रनाथ टैगोर ने उन्हें शांति निकेतन में ईरानी अध्ययन, वास्तुकला और संस्कृति पर शोध के लिए आमंत्रित किया था। वे रूसी भाषा के भी बड़े जानकार थे।

खेड़ा ने कहा कि सरकार चलाते-चलाते ये लोग भ्रमित हो गए हैं। उन्हें लगता है कि ये ‘बंगाल का कसाई’ वाले सुहरावर्दी हैं, जबकि दोनों अलग-अलग व्यक्ति हैं।

उन्होंने कहा कि जब सुहरावर्दी को कलकत्ता विश्वविद्यालय का पहला मुस्लिम वाइस चांसलर बनाया गया था, तब उनके समर्थन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी और रवींद्रनाथ टैगोर दोनों आए थे। खेड़ा ने व्यंग्य करते हुए कहा, “वॉट्सऐप नर्सरी में तो यह ज्ञान आएगा नहीं।”

‘ऑपरेशन टाइगर’ पर पवन खेड़ा ने व्यंग्य किया, “वैसे भी बाघों की संख्या कम हो रही है, बस थोड़ा इंतजार कीजिए। जो लोग खुद को ‘टाइगर’ समझते हैं, उनकी संख्या भी कम होगी।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी


Show More
Back to top button