गोल्फ: वीर अहलावत ने रिकॉर्ड तोड़ 61 का स्कोर बनाकर स्विस चैलेंज में बढ़त बनाई


ल्यूसर्न, 6 जून (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फर वीर अहलावत ने स्विट्जरलैंड में खेले जा रहे स्विस चैलेंज में शानदार प्रदर्शन करते हुए हाफवे स्टेज पर संयुक्त बढ़त हासिल कर ली है। इनविटेशन पर टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे अहलावत ने दूसरे राउंड में 10-अंडर-पार 61 का शानदार स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया और इंग्लैंड के मैथ्यू साउथगेट के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।

वीर अहलावत ने गोल्फ सेम्पाच में बोगी-फ्री राउंड खेलते हुए अपनी बेहतरीन फॉर्म का प्रदर्शन किया। दो राउंड के बाद उनका कुल स्कोर 12-अंडर पार है। वे और साउथगेट अब वीकेंड में प्रवेश करते समय निकटतम प्रतिद्वंद्वियों जॉर्ज ब्लूर और मैथ्यू डेकोटिग्नीस-लाफॉन से एक शॉट आगे हैं।

वीर का नाम भारत के उभरते गोल्फरों में लिया जाता है। वर्ष 2024 उनके लिए विशेष रूप से यादगार रहा। उन्होंने हीरो इंडियन ओपन में उपविजेता स्थान हासिल किया था। इसके बाद, उन्होंने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट का खिताब भी अपने नाम किया।

दूसरे राउंड में अहलावत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। फ्रंट नाइन में उन्होंने दूसरे, तीसरे और चौथे होल पर लगातार बर्डी लगाई। सातवें होल पर एक और बर्डी ने उन्हें टर्न तक 4-अंडर पार पहुंचा दिया। इसके बाद बैक नाइन में उन्होंने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। 12वें होल से शुरू हुआ उनका बर्डी सिलसिला लगातार छह होल तक जारी रहा। लगातार छह बर्डी की बदौलत उन्होंने फील्ड में बढ़त बना ली और 18वें होल पर पार के साथ राउंड समाप्त कर 61 का ऐतिहासिक स्कोर दर्ज किया।

राउंड के बाद अहलावत ने कहा कि वह अपने प्रदर्शन से बेहद संतुष्ट हैं। पूरे दिन गेंद पर नियंत्रण शानदार रहा और अधिकांश बर्डी मौकों का फायदा मिला। आक्रामक ड्राइविंग रणनीति की वजह से ग्रीन्स पर छोटे और आसान अप्रोच शॉट खेलने का मौका मिला, जिससे स्कोरिंग में मदद मिली।”

भारतीय खिलाड़ी ने स्पष्ट किया कि वह अंतिम दो राउंड में भी इसी रणनीति को जारी रखना चाहते हैं।

दूसरी ओर, मैथ्यू साउथगेट ने भी बोगी-फ्री 64 का कार्ड खेलकर संयुक्त बढ़त हासिल की। हालांकि अन्य भारतीय खिलाड़ी कट में जगह नहीं बना सके। अर्जुन प्रसाद और सप्तक तलवार दोनों कट मार्क से पीछे रह गए।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button