ग्रेटर नोएडा में पुलिस और स्नैचरों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल


ग्रेटर नोएडा, 6 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा थाना बीटा-2 क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और स्नैचिंग करने वाले बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल, लूटी गई सोने की चेन तथा तीन स्नैच किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस लोकल इंटेलिजेंस की मदद से ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और फायरिंग की।

पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान राजेन्द्र उर्फ लल्लू उर्फ लीलू (26 वर्ष) निवासी खुशियाल टोला, थाना पटेरवा, जिला गोरखपुर तथा वर्तमान निवासी साइट-5, कासना, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, थाना कासना क्षेत्र से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल, एक लूटी हुई सोने की चेन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फरार साथी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका साथी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर हथियारों के बल पर चेन और मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 1 जून 2026 को गांव नवादा में एक व्यक्ति से सोने की चेन छीनने की घटना को भी अंजाम दिया था, जिसके संबंध में थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र उर्फ लल्लू पर गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, स्नैचिंग, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 2019 से लगातार सक्रिय रहा है। पुलिस अब उसके फरार साथी की गिरफ्तारी और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीएससी


Show More
Back to top button