'राज्य को गर्व महसूस कराया', वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में जगह मिलने पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई


पटना, 6 जून (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से धूम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट टीम में जगह मिल गई है। टीम इंडिया में जगह बनाने वाले वैभव सबसे युवा क्रिकेटर हैं। बिहार के समस्तीपुर जिले से संबंध रखने वाले वैभव सूर्यवंशी को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई दी है।

सम्राट चौधरी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “बिहार के युवा क्रिकेट टैलेंट वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ 15 साल और 71 दिन की उम्र में इंडियन क्रिकेट टीम के लिए चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। यह ऐतिहासिक कामयाबी उनके टैलेंट, कड़ी मेहनत और लगन का नतीजा है। वैभव ने पूरे बिहार को गर्व महसूस कराया है। मुझे पूरा भरोसा है कि वह इंडियन टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगे और देश और राज्य का नाम और रोशन करेंगे। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।”

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की तरफ से खेलते हुए अपनी विस्फोटक और करिश्माई बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। 15 साल के इस बल्लेबाज ने 16 मैचों की 16 पारियों में 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाते हुए 776 रन बनाए थे और सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहते हुए ऑरेंज कैप जीता था। वह एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन भी रहे थे। एक आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव ने इसी सीजन में अपने नाम किया। वैभव ने इस सीजन में 72 छक्के लगाए।

इस प्रदर्शन के बाद उनका भारतीय टीम में चयन तय माना जा रहा था। शनिवार को बीसीसीआई ने जब आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया, तो उसमें वैभव का भी नाम था। वैभव भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 1989 में 16 साल 205 दिन की उम्र में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button