फ्रेंच ओपन: 5 सेट के रोमांचक मुकाबले में कोबोली को हराकर ज्वेरेव ने जीता मेंस सिंगल्स खिताब

पेरिस, 7 जून (आईएएनएस)। जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने रविवार को फ्रेंच ओपन के मेंस सिंगल्स फाइनल में इटली के फ्लेवियो कोबोली को 6-1, 4-6, 6-4, 6-7 (5), 6-1 से मात देकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर 4 घंटे 20 मिनट तक चले इस मुकाबले में, ज्वेरेव ने 2-1 की बढ़त गंवाने के बाद वापसी करते हुए निर्णायक पांचवें सेट में फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया।
इसी के साथ ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए ज्वेरेव का लंबा इंतजार खत्म हो गया। इससे पहले उन्हें साल 2020 में यूएस ओपन, साल 2024 में रोलैंड गैरोस और साल 2025 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
यह ज्वेरेव के करियर का एक अहम खिताब है। उन्होंने पहले ही 2 एटीपी फाइनल्स खिताब, 7 मास्टर्स 1000 खिताब और 1 ओलंपिक गोल्ड जीता था, लेकिन अब 29 वर्षीय खिलाड़ी अपनी शानदार उपलब्धियों में एक ग्रैंड स्लैम खिताब भी जोड़ लिया है। वह 1937 में हेनर हेनकेल के बाद फ्रेंच ओपन जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी बने हैं, और 1996 में बोरिस बेकर की ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत के बाद कोई भी ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी बने।
फाइनल की शुरुआत में ज्वेरेव ने शानदार खेल दिखाया और पहले ही गेम में कोबोली की सर्विस तोड़ दी। उन्होंने बेसलाइन पर तुरंत अपना दबदबा बना लिया, क्योंकि उनकी सर्विस और ग्राउंडस्ट्रोक इटैलियन खिलाड़ी के लिए बहुत दमदार साबित हुए। कोबोली कोई लय नहीं ढूंढ पाए और पहला सेट सिर्फ 34 मिनट में खत्म हो गया, लेकिन अपने पहले ग्रैंड स्लैम फाइनल में खेल रहे कोबोली ने दूसरे सेट में शानदार वापसी की। 24 वर्षीय खिलाड़ी ने खुलकर अटैक किया और चालाकी भरे ड्रॉप शॉट्स का इस्तेमाल किया। 4-4 के स्कोर पर उन्हें तब सफलता मिली, जब ज्वेरेव का फोरहैंड शॉट बाहर चला गया।
इटैलियन खिलाड़ी ने मजबूती से अपनी सर्विस बचाई और मैच को बराबरी पर ला दिया, जिससे पेरिस के दर्शकों का उत्साह बढ़ गया। तीसरा सेट निर्णायक साबित हुआ। 10वें गेम तक दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सर्विस बचाए रखी, लेकिन कोबोली की कई गलतियों ने ज्वेरेव को एक अहम ब्रेक दिलाया। इसके बाद उन्होंने सेट जीतकर लंबे समय से प्रतीक्षित बड़े खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाया।
हालांकि, चौथे सेट में ज्वेरेव पर दबाव साफ दिखा। उन्होंने पहले गेम में कोबोली को ब्रेक का मौका दिया और फिर 4-3 से पीछे रहते हुए सर्विस करते समय भी गलती की। जर्मन खिलाड़ी ने संघर्ष करते हुए स्कोर 5-5 तक पहुंचाया, लेकिन टाई-ब्रेक में इटैलियन खिलाड़ी की शानदार वापसी को नहीं रोक पाए। इटैलियन खिलाड़ी 1-3 से पीछे होने के बावजूद वापसी करते हुए सेट प्वाइंट पर एक बेहतरीन फोरहैंड विनर के साथ टाई-ब्रेक जीता और मैच को निर्णायक सेट तक ले गए।
कोबोली के पक्ष में मोमेंटम होने और ज्वेरेव के फिर से लड़खड़ाने के कारण, ऐसा लग रहा था कि फाइनल उनके हाथ से निकल रहा है, लेकिन जर्मन खिलाड़ी ने मैच का अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेला।
चौथे सेट के टाई-ब्रेक में संघर्ष के बावजूद, ज्वेरेव ने पांचवें सेट में तुरंत बेहतर खेल दिखाया। शानदार सर्विस और 83 प्रतिशत फर्स्ट-सर्व प्वाइंट जीतने के साथ-साथ लगातार ग्राउंडस्ट्रोक से इटैलियन खिलाड़ी को गलतियां करने पर मजबूर किया। दूसरे वरीयता प्राप्त ज्वेरेव ने शुरुआत में ही कोबोली की सर्विस तोड़ी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा; उन्होंने अपने सामने आए सभी चार ब्रेक प्वाइंट बचाए और 6-1 से जीत हासिल की।
–आईएएनएस
आरएसजी