वैभव भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अहम हो सकते हैं: पृथ्वी शॉ के कोच संतोष पिंगुलकर

वसई, 7 जून (आईएएनएस)। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक और करिश्माई बल्लेबाजी से पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस को अपना दिवाना बना लिया है। आईपीएल जैसी बड़ी लीग में दुनिया के खतरनाक गेंदबाजों को अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सामान्य बना देने वाले वैभव को भारतीय टीम में जगह मिल गई है। टीम इंडिया से बाहर चल रहे बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के बचपन के कोच संतोष पिंगुलकर ने वैभव की तारीफ की है और उन्हें भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अहम बताया है।
आईएएनएस से बात करते हुए संतोष पिंगुलकर ने कहा, “वह बहुत परिपक्वता के साथ खेल रहा है। अगर वैभव इसी तरह खेलता रहा, तो भारत के लिए एक बड़ा एसेट बन सकता है।”
उन्होंने कहा, “वैभव में क्वालिटी है, वह चीजों को तेजी से समझता है। वह सिर्फ एक स्लॉगर नहीं है, बल्कि एक अच्छा हिटर और बॉल का टाइमर है। उसके लिए निरंतरता बनाए रखना जरूरी होगा। अगर वह ऐसी ही बल्लेबाजी करता रहा, तो कई बड़े रिकॉर्ड बना सकता है और भारत को जरूरी मैच जिताने में मदद कर सकता है।”
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी दिखाई थी और भारत की तरफ से सबसे तेज आईपीएल शतक लगाया था। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने वैभव के पूरे सीजन में बतौर ओपनर मौका दिया और बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कमाल कर दिया। 15 साल के इस खिलाड़ी ने स्टार्क, कमिंस, जसप्रीत बुमराह, सिराज, रबाडा, और हेजलवुड जैसे गेंदबाजों की धुनाई करते हुए क्रिकेट की दुनिया को चौंका दिया और 16 मैचों की 16 पारियों में 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से सर्वाधिक 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप जीता। इस दौरान सीजन में 72 छक्के लगाकर एक सीजन में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
वैभव के इस प्रदर्शन के बाद माना जा रहा था कि उन्हें आयरलैंड टी20 सीरीज में मौका मिल सकता है, लेकिन बीसीसीआई ने शनिवार को जब आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा की, तो इन तीनों टूर्नामेंट में वैभव का नाम था। वैभव के पास भारतीय टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बनने का अवसर है।
–आईएएनएस
पीएके