फिन एलन: आईपीएल में शतक लगाने वाले केकेआर के चौथे और न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज बने


नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में शुक्रवार की शाम अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेले गए मुकाबले की सारी लाइमलाइट फिन एलन लूट ले गए। केकेआर के इस सलामी बल्लेबाज ने विस्फोटक शतक लगाते हुए न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलायी, बल्कि आईपीएल इतिहास में कोलकाता की तरफ से शतक लगाने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने। आईपीएल में कोलकाता के किसी बल्लेबाज का यह सबसे तेज शतक भी है।

दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर को जीत के लिए महज 143 रन का लक्ष्य दिया था और इसी छोटे से लक्ष्य में एलन ने शतक लगा दिया। 19वें सीजन में केकेआर की तरफ से चौथे और सबसे तेज शतक लगाने वाले एलन ने तीन अंकों में पहुंचने के लिए महज 47 गेंद खेली। एलन 47 गेंदों पर 5 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 100 रन पर नाबाद लौटे।

आईपीएल में शतक लगाने वाले एलन न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज हैं। पहले बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्कुलम थे। मैक्कुलम के नाम आईपीएल में दो शतक हैं। एक शतक उन्होंने केकेआर की तरफ से खेलते हुए लगाया था।

केकेआर की तरफ से आईपीएल में सबसे पहला शतक ब्रैंडन मैक्कुलम ने लगाया था। यह शतक आईपीएल के पहले सीजन (2008) के पहले मैच में आया था। मैक्कुलम ने आरसीबी के खिलाफ खेलते हुए 73 गेंदों पर नाबाद 158 रन बनाए थे।

2008 के बाद केकेआर के लिए आईपीएल में शतक 2023 में आया था। यह शतक वेंकटेश अय्यर की तरफ से आया था। अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 51 गेंदों पर 104 रन की पारी खेली थी।

आईपीएल 2024 में सुनील नरेन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कोलकाता में 56 गेंदों पर 109 रन की पारी खेली थी। नरेन केकेआर के लिए आईपीएल में शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने थे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button