चहल से जुड़े वेपिंग विवाद के बाद बीसीसीआई सख्त, अर्शदीप को 'व्लॉगिंग' बंद करने का फरमान : रिपोर्ट


नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के आईपीएल फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों के लिए सख्त परिचालन और सुरक्षा दिशानिर्देश लाने के कुछ घंटों बाद ही खबर है कि बोर्ड ने अर्शदीप सिंह को पर्दे के पीछे की व्लॉगिंग बंद करने का फरमान जारी किया है।

माना जा रहा है बीसीसीआई ने यह कदम युजवेंद्र चहल से जुड़े विवाद के बाद उठाया है। ‘एनडीटीवी स्पोर्ट्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने पंजाब किंग्स के गेंदबाज से व्लॉगिंग बंद करने को कहा है, क्योंकि उनके एक ट्रैवल वीडियो में कथित तौर पर चहल हैदराबाद के लिए टीम की फ्लाइट के दौरान वेपिंग करते हुए दिखे थे।

यह मामला तब उठा, जब अर्शदीप के व्लॉग के सोशल मीडिया क्लिप वायरल हो गए। इन क्लिप्स में चहल वेपिंग करने का इशारा करने से पहले अपनी बाईं हथेली के नीचे कुछ छिपाते हुए दिखते हैं। फुटेज में धुएं का एक छोटा गुबार भी दिखाई दिया था। अर्शदीप के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए ऑरिजिनल वर्जन में कथित तौर पर पूरा सीन शामिल था, जिसे बाद में एडिट किया गया। हालांकि, फुटेज पहले ही ऑनलाइन बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच चुका था।

अभी तक, न तो बीसीसीआई और न ही पंजाब किंग्स ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। इस सीजन में आईपीएल में वेपिंग से जुड़ा यह दूसरा मामला है। इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम के अंदर वेपिंग करने का आरोप लगा था। भारत में वेपिंग बैन है। इस वजह से, पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 को तोड़ने के लिए एक डिमेरिट पॉइंट मिला।

इसी बीच, बीसीसीआई ने सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजियों को 8 पेज की नई गाइडलाइन भी भेजी है। इसमें एंटी-करप्शन यूनिट (एसीएसयू) की चिंताओं का जिक्र करते हुए सुरक्षा और अनुशासन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के तहत अब खिलाड़ियों, टीम स्टाफ और फ्रेंचाइजी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

बोर्ड ने साफ किया है कि लीग की इंटीग्रिटी और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सरप्राइज चेक और सख्त नियम लागू किए जाएंगे। बीसीसीआई का कहना है कि खिलाड़ियों को अपनी पब्लिक और प्राइवेट गतिविधियों में ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी होगी ताकि आईपीएल की छवि सुरक्षित रहे।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम


Show More
Back to top button