झारखंड के पलामू में युवक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

मेदिनीनगर, 18 मई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दारूडीह गांव में ससुराल आए एक युवक का शव सोमवार को फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है।
पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन में जुटी है। मृतक की पहचान मेदिनीनगर शहर के सुदना निवासी रूपेश मेहता के रूप में हुई है। बताया गया कि रूपेश करीब आठ दिन पहले दारूडीह स्थित अपने ससुराल में एक विवाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने आया था। परिजनों के मुताबिक शादी के माहौल में सब कुछ सामान्य चल रहा था और रूपेश भी समारोह में शामिल था।
इसी बीच, उसने अचानक अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। सोमवार की सुबह जब परिजनों ने रूपेश को फंदे से लटकते हुए देखा, तो घर में कोहराम मच गया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तुरंत मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया।
लेस्लीगंज थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए यह मामला पूरी तरह से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक ने शादी के खुशियों भरे माहौल के बीच ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके सटीक कारणों का पता अभी नहीं चल सका है।
पुलिस पारिवारिक विवाद सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।
–आईएएनएस
एसएनसी/एसके