आरसीबी बनाम एसआरएच: टीम के प्रदर्शन से गदगद नजर आए कप्तान पैट कमिंस, बल्लेबाजों को दिया जीत का श्रेय


हैदराबाद, 23 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया। एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस टीम के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए।

आरसीबी के खिलाफ मिली जीत के बाद कमिंस ने कहा, “हमने जो स्कोर बनाया, वह बहुत शानदार था। बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और गेंदबाजों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। हर कोई अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। यह एक बहुत अच्छा विकेट था। हम जानते थे कि बहुत सी चीजें हमारे पक्ष में होनी थीं। हां, यह करीब था। मुझे लगता है कि वे यह पक्का करने की कोशिश कर रहे थे कि वे उस स्कोर तक पहुंचें, ताकि पहले क्वालिफायर में उनकी जगह पक्की हो सके। हमने उनके खिलाफ कुछ अलग चीजें करने का प्रयास किया, लेकिन यह फिर भी एक बड़ी जीत है।”

एसआरएच के कप्तान ने गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा, “गेंदबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मैंने असल में उन लोगों से भी बहुत कुछ सीखा है। जिस तरह से ईशान मलिंगा ने पूरे सीजन में गेंदबाजी की है, खासकर पावरप्ले में, वह लाजवाब है। वह अपनी धीमी गेंदों और अलग-अलग चीजों को मिक्स करने के साथ टीम की ओर से सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे हैं। साकिब हुसैन ने भी अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है।”

अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रहने के कारण एसआरएच 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। न्यू चंडीगढ़ में होने वाले इस मुकाबले की तैयारियों को लेकर कमिंस ने कहा, “अभी भी 5-6 दिन बाकी हैं। हम कुछ दिन आराम करेंगे और फिर वहां जाएंगे। खिलाड़ी मैदान को काफी अच्छे से जानते हैं। मुझे लगता है कि हमें एक या दो दिन में पता लग जाएगा कि हमें एलिमिनेटर मुकाबले किस टीम के खिलाफ खेलना है।”

एसआरएच ने अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 255 रन बनाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा (56), ईशान किशन (79) और हेनरिक क्लासेन (51) ने अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, 256 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में आरसीबी 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। एसआरएच को अंक तालिका में टॉप 2 में रहने के लिए आरसीबी को 90 या उससे अधिक रनों से हराना था, लेकिन टीम ऐसा करने में नाकाम रही।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button