यूपी: दो सगी बहनों से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार


लखनऊ, 11 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में दो सगी बहनों से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार रात में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से तमंचा और चोरी की बाइक बरामद हुई है। फिलहाल, सुल्तानपुर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

एएसपी वृजनारायण सिंह ने बताया कि 10-11 जून की रात, करीब 2:15 बजे कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि एक वांटेड आरोपी कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अमहट स्थित हवाई पट्टी के पास मौजूद है। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए एसओजे टीम और स्थानीय कोतवाली नगर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और उसे पकड़ने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। आत्मरक्षा के तौर पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया और फिलहाल हालत खतरे के बाहर है।

अधिकारी ने बताया कि दो दिन पहले 9 जून को शास्त्रीनगर इलाके में घर से बाहर समान लेने निकली दो सगी बहनों से आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर छेड़खानी की थी। इस संबंध में थाना कोतवाली ने पीड़ित पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। एएसपी के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो चोरों को गिरफ्तार किया है। टूंडला के सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी वाहन चोरी करते थे। उन्हें चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पकड़ा था। इसी दौरान उन्होंने भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के दौरान एक चोर के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। दूसरे आरोपी को पुलिसकर्मियों ने दौड़कर दबोचा।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से 5 चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल, आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Show More
Back to top button