जापानी पीएम ताकाइची का वियतनाम-ऑस्ट्रेलिया दौरा शुरू, ऊर्जा और सप्लाई चेन पर रहेगा फोकस


टोक्यो, 1 मई (आईएएनएस)। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची शुक्रवार को वियतनाम की राजधानी हनोई पहुंचीं, जहां से उन्होंने अपने पांच दिन के वियतनाम और ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत की।

टोक्यो से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि ताकाइची हनोई में कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव राष्ट्रपति टो लैम और प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग समेत अन्य वियतनामी नेताओं से मुलाकात करेंगी।

जापान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इन बैठकों में जापान-वियतनाम के व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा। खासकर ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज और विज्ञान-तकनीक जैसे आर्थिक सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों पर बात होगी।

इस दौरे के दौरान ताकाइची जापान की विदेश नीति पर एक भाषण भी देंगी, जिसमें ‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ (एफओआईपी) के विकास के बारे में भी चर्चा होगी। मंत्रालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जापानी प्रधानमंत्री रविवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगी।

ताकाइची ने शुक्रवार को सोशल मीड‍िया अकाउंट ‘एक्‍स’ पर लिखा, “इन दोनों देशों के दौरे के दौरान, मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए, मैं एशिया में सप्लाई चेन को मजबूत करने, स्थिर ऊर्जा आपूर्ति और महत्वपूर्ण खनिजों को सुनिश्चित करने पर सहयोग की पुष्टि करूंगी।”

ऑस्ट्रेलिया में ताकाइची, वहां के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ जापान-ऑस्ट्रेलिया शिखर बैठक करेंगी और गवर्नर-जनरल सामंथा मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगी।

साल 2026 में जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच दोस्ती और सहयोग की बेसिक संधि के 50 साल पूरे हो रहे हैं। जापान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस दौरे के दौरान दोनों देश सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, आर्थिक सुरक्षा और लोगों के बीच संबंध जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे, ताकि उनकी खास रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाया जा सके।

ताकाइची ने कहा, “मुझे लगता है कि ये कदम जापान के लिए कच्चे तेल और पेट्रोलियम जैसे जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने में भी मददगार होंगे। मौजूदा मुश्किल अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए, मैं ऐसा सहयोग बढ़ाना चाहती हूं, जिससे हर देश अपनी मजबूती और आत्मनिर्भरता बढ़ा सके।”

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम


Show More
Back to top button