तुष्टीकरण की राजनीति खत्म, बंगाल में भाजपा सरकार तय : गौरव वल्लभ


नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “दीदी, चिंता मत कीजिए। भाजपा के उम्मीदवार टीएमसी के उम्मीदवारों से 50,000 वोटों से आगे रहेंगे। वोटों की दोबारा गिनती को आप खुद ही रुकवा देंगी। बड़ी संख्या में महिलाएं भाजपा उम्मीदवारों को अपना आशीर्वाद दे रही हैं।”

उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए कहा, “हुमायूं कबीर कह रहे हैं कि वे टीएमसी की ‘बी टीम’ के सदस्य हैं। चुनावों के दौरान हम कहते थे कि वे टीएमसी से हैं। अब खुद हुमायूं कबीर यह बात मान रहे हैं।”

उन्होंने दावा किया कि तुष्टीकरण की राजनीति अब खत्म होने की कगार पर है और भाजपा पश्चिम बंगाल में अपनी सरकार बनाने जा रही है।

भाजपा नेता ने चुनाव आयोग की सराहना की। उन्होंने कहा, “यह चुनाव आयोग द्वारा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया है। हम इन बातों का स्वागत करते हैं, ताकि लोकतंत्र को मजबूती मिले। 4 मई को लोकतांत्रिक तरीके से, हम बंगाल में सरकार बनाने जा रहे हैं।”

गौरव वल्लभ ने टीएमसी पर तंज कसते हुए कहा कि उनके नेता 10 जन्मों की बात कर रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अगले 1-2 दिनों में शपथ भी ले ली जाएगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए गौरव वल्लभ ने कहा, “मल्लिकार्जुन खड़गे यह बयान दे रहे हैं और ठीक उसी समय तेलंगाना पुलिस दिल्ली में एक एंकर की तलाश कर रही है। खड़गे जी, हो सकता है। आपको यह पता भी न हो कि तेलंगाना सरकार दिल्ली में एक एंकर को ढूंढ रही है और आप प्रेस की आजादी की बात कर रहे हैं।”

–आईएएनएस

एससीएच/एबीएम


Show More
Back to top button