सोशल मीडिया के जरिए राजनीति करते हैं अखिलेश यादव, पीएम मोदी वैश्विक नेता: जयवीर सिंह


मैनपुरी, 11 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयानों, दलित उत्पीड़न के आरोपों, भाजपा के उपचुनाव टिकटों को लेकर विरोध और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी और सोशल मीडिया की राजनीति तक सीमित है।

अखिलेश यादव के ‘सनातन ही समाजवाद है’ वाले बयान पर जयवीर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख समय-समय पर अपनी राजनीतिक जरूरतों के अनुसार परिभाषाएं बदलते रहते हैं। अखिलेश यादव को क्षेत्र में जाकर जनता के बीच पसीना बहाने से कोई लेना-देना नहीं है। जनता के सुख-दुख में शामिल होने के बजाय वे केवल सोशल मीडिया चलाने और मनगढ़ंत किस्से-कहानियां पोस्ट कर चर्चा में बने रहने का प्रयास करते हैं।

भाजपा सरकार में दलितों पर अत्याचार होने के अखिलेश यादव के आरोपों को खारिज करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने शासनकाल का रिकॉर्ड भी याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान उत्तर प्रदेश में दलित उत्पीड़न की सबसे अधिक घटनाएं हुई थीं। उन्होंने कन्नौज मेडिकल कॉलेज सहित कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अखिलेश यादव या तो अपने कार्यकाल की घटनाएं भूल चुके हैं या जानबूझकर उन्हें नजरअंदाज कर रहे हैं।

बिहार और मध्य प्रदेश में उपचुनाव के लिए भाजपा की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सामने आए विरोध पर जयवीर सिंह ने कहा कि टिकट वितरण पूरी तरह पार्टी का आंतरिक विषय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को टिकट मांगने और अपनी बात रखने का अधिकार है। भाजपा का आंतरिक लोकतांत्रिक ढांचा कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करता है और आवश्यकता पड़ने पर निर्णयों की समीक्षा भी करता है। जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और उपचुनावों के परिणाम भी पार्टी के पक्ष में आएंगे। टिकट कटने के बाद कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में उम्मीदवार बदलने पर समर्थकों की नाराजगी स्वाभाविक है और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जाना चाहिए।

मौलाना रशीदी द्वारा समय पर लड़कियों की शादी नहीं होने को दुष्कर्म की घटनाओं से जोड़ने वाले बयान पर जयवीर सिंह ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव या विचार हो सकता है।

उत्तर प्रदेश में समय से पहले विधानसभा चुनाव होने की अटकलों पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की सभी प्रशासनिक और संवैधानिक प्रक्रियाएं निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में निवर्तमान प्रधानों और जिला पंचायत अध्यक्षों के प्रशासक के रूप में कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। चुनाव कब होंगे, इसका अंतिम निर्णय भारत निर्वाचन आयोग करता है। सरकार और विभिन्न राजनीतिक दल अपने सुझाव दे सकते हैं, लेकिन चुनाव कार्यक्रम घोषित करने का अधिकार निर्वाचन आयोग के पास ही है।

गृह मंत्रालय द्वारा वंदे मातरम और जन गण मन को लेकर जारी सलाह पर जयवीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का हर निर्णय राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह जिस देश में रहता है, उसकी मिट्टी से प्रेम करे, राष्ट्र के प्रति भावनात्मक जुड़ाव रखे और देश की समृद्धि, सुरक्षा तथा हितों के लिए योगदान दे। यह हर भारतीय का कर्तव्य और जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता पर जयवीर सिंह ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी केवल भारत के नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं। दुनिया के विभिन्न देशों में प्रधानमंत्री मोदी को जो सम्मान और स्वीकार्यता मिल रही है, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों के दौरान होने वाले सामरिक, आर्थिक और व्यापारिक समझौते विकसित भारत के संकल्प को मजबूत कर रहे हैं और भारत की वैश्विक स्थिति को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावशाली भूमिका निभाएगा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और वैश्विक साझेदारी के नए आयाम स्थापित करेगा।

–आईएएनएस

पीएसके


Show More
Back to top button