फीफा विश्व कप: फ्रांस और स्पेन में किसका पलड़ा भारी? आखिरी मुकाबले में किस टीम ने मारी थी बाजी?


नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप 2026 अब अपने बेहद रोमांचक दौर में प्रवेश कर गया है। विश्व कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 15 जुलाई को फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाना है। इस बेहद रोमांचक मैच पर पूरी दुनिया की नजर है।

फ्रांस और स्पेन न सिर्फ यूरोप की, बल्कि दुनिया की बड़ी और मजबूत टीमें हैं। मौजूदा विश्व कप में भी ग्रुप स्टेज, राउंड ऑफ 32 और राउंड ऑफ 16 में अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर दोनों टीमों ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। फ्रांस ने मोरक्को और स्पेन ने पुर्तगाल को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

दोनों टीमों के बीच 15 जुलाई (भारतीय समयानुसार 12:30 एएम) को विश्व कप का पहला सेमीफाइनल खेला जाना है। इस मैच पर दुनियाभर के फुटबॉल फैंस की नजर है। फुटबॉल प्रेमी इस मैच के रोमांच को महसूस करने का इंतजार बेसब्री से कर रहे हैं।

2010 की विजेता स्पेन के पास फ्रांस को हराकर फाइनल में पहुंचने और अपना दूसरा खिताब जीतने का मौका है, तो वहीं फ्रांस के पास स्पेन को हराकर फाइनल में जगह बनाने और 1998 और 2018 के बाद अपना तीसरा खिताब जीतने का मौका है।

स्पेन और फ्रांस के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक और सांस रोक देने वाले होते हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक 38 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें स्पेन का पलड़ा भारी रहा है। स्पेन ने 18 मैच जीते हैं, जबकि फ्रांस को 13 मैचों में जीत मिली है। 7 मैच ड्रॉ रहे हैं। गोल के मामले में भी फ्रांस पीछे है। स्पेन ने इन मैचों में 71 गोल किए हैं, जबकि फ्रांस ने 44 गोल किए हैं।

विश्व कप के इतिहास में दोनों ही टीमें सिर्फ एक बार ही टकराई हैं। विश्व कप 2006 में फ्रांस और स्पेन का मुकाबला हुआ था और इस मैच में फ्रांस 3-1 से विजयी रही थी। फ्रांस और स्पेन ने आखिरी बार 5 जून, 2025 को यूईएफए नेशंस लीग के फाइनल में एक-दूसरे के साथ खेला था, जहां स्पेन ने एक रोमांचक मैच में फ्रांस को 5-4 से हराया था।

सेमीफाइनल में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे पर नजर रहेगी, जो इस विश्व कप में 8 गोल कर चुके हैं। वहीं, स्पेन के फैंस की नजर युवा लेकिन बेहद प्रतिभावान स्टार लामिन यामल पर रहेगी। दोनों खिलाड़ियों में अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने की क्षमता है।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button