ईरान के बाद क्यूबा पर फोकस करेंगे ट्रंप, सख्त रुख के दिए संकेत


वॉशिंगटन, 5 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रप ने गुरुवार को क्यूबा को एक ‘विफल देश’ बताया। उन्होंने कहा कि वहां की साम्यवादी सरकार पर दबाव बढ़ रहा है और ईरान से जुड़े मौजूदा मुद्दों के निपटारे के बाद उनका प्रशासन क्यूबा पर अधिक ध्यान देगा।

ट्रंप ने कहा कि क्यूबा की आर्थिक परेशानियां इसलिए बढ़ी हैं क्योंकि वेनेजुएला में बदलाव आया है। उनके अनुसार, वेनेजुएला लंबे समय से हवाना को आर्थिक और ऊर्जा सहायता देता रहा था।

ट्रंप ने कहा, ‘यह एक विफल देश है। वेनेजुएला ने वर्षों तक उनकी मदद की, क्योंकि उसके पास जमीन के नीचे बहुत बड़ी संपत्ति थी।’

राष्ट्रपति ने कहा कि क्यूबा आर्थिक संकट से जूझ रहा है और उसके पास खुद को संभालने के लिए जरूरी संसाधनों की कमी है।

उन्होंने कहा, ”देश भूख से जूझ रहा है। उसके पास ऊर्जा नहीं है, तेल नहीं है, पैसा नहीं है, कुछ भी नहीं है। हालांकि उसके पास बहुत अच्छी जमीन है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या हालिया प्रतिबंधों का उद्देश्य क्यूबा सरकार के पतन को तेज करना है, तो ट्रंप ने कहा कि उनका मकसद कुछ और है।

उन्होंने कहा, ”नहीं, हम सिर्फ चाहते हैं कि यह ऐसा देश बने जो अपने लोगों का पेट भर सके और अच्छी तरह चलाया जा सके।”

ट्रंप ने कहा कि क्यूबा लंबे समय तक वेनेजुएला की मदद से चलता रहा, लेकिन अब हालात बदल गए हैं।

उन्होंने कहा, ”वेनेजुएला उन्हें जिंदा रहने के लिए पैसा देता था। अब वह पैसा, आप कह सकते हैं, हमारी तरफ आ रहा है और वेनेजुएला की ओर जा रहा है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या क्यूबा पतन के करीब है, तो ट्रंप ने संकेत दिया कि वहां की आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था पहले से ही गंभीर संकट में है।

उन्होंने कहा, ”यह लगभग ढह चुका है। और हम इसे जल्द ही संभालेंगे।”

ईरान से जुड़े तनाव और कूटनीतिक प्रयासों का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, ”मुझे एक समय में एक ही काम करना पसंद है। हम पहले ईरान के इस्लामी गणराज्य का मामला संभालेंगे। उसके बाद लौटते समय वहां एक छोटा-सा पड़ाव करेंगे।”

राष्ट्रपति ने अमेरिका-क्यूबा संबंधों के भविष्य को लेकर भी अपनी सोच रखी। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन ऐसे हालात बनाना चाहता है, जिससे क्यूबा मूल के अमेरिकी अपने रिश्तेदारों से दोबारा जुड़ सकें और वहां निवेश कर सकें।

ट्रंप ने कहा, ”हम क्यूबा के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे। हम अपने लोगों को वहां वापस जाने देंगे और अगर वे चाहें तो क्यूबा में निवेश भी कर सकेंगे।”

उन्होंने कहा, ”क्यूबा के लिए हमारे पास कुछ बहुत अच्छी योजनाएं हैं।”

ट्रंप ने फ्लोरिडा में रहने वाले क्यूबा मूल के अमेरिकियों के बीच अपने मजबूत राजनीतिक समर्थन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”95 प्रतिशत क्यूबा के लोगों ने यहां मुझे वोट दिया। वे अद्भुत लोग हैं। उनमें ऊर्जा है और वे उद्यमी हैं।”

इन टिप्पणियों को हाल के महीनों में ट्रंप का सबसे स्पष्ट संकेत माना जा रहा है कि ईरान और व्यापक मध्य-पूर्व सुरक्षा मुद्दों पर मौजूदा प्रयासों के बाद क्यूबा अमेरिकी विदेश नीति की प्राथमिकताओं में ऊपर आ सकता है।

हाल के वर्षों में क्यूबा की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हुई है। ईंधन की कमी, बिजली कटौती, महंगाई और सरकारी आय में गिरावट ने संकट को और गहरा किया है। बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में क्यूबाई नागरिक विदेश भी जा रहे हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/एएस


Show More
Back to top button