पनामा के विदेश मंत्री 19 जुलाई से भारत दौरे पर, जयशंकर और पीयूष गोयल से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। पनामा के विदेश मंत्री जेवियर एडुआर्डो मार्टिनेज-आचा वास्केज 19 से 23 जुलाई तक भारत के आधिकारिक दौरे पर आएंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पनामा के विदेश मंत्री रविवार को भारत पहुंचेंगे। सोमवार को वह नई संसद भवन में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे।
मंगलवार को दिल्ली में कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद बुधवार को वह परिवहन भवन में बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से मुलाकात करेंगे। गुरुवार को वह भारत से रवाना हो जाएंगे।
इस महीने की शुरुआत में भारत के पनामा में राजदूत सुमित सेठ ने विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज-अचा से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और पनामा के बीच संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की थी।
पनामा स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “राजदूत सुमित सेठ ने पनामा के विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज-आचा से मुलाकात की और उन्हें भारत-पनामा के प्रतीकात्मक झंडे का पिन भेंट किया। दोनों ने भारत और पनामा के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की।”
पिछले वर्ष भारत के राजदूत सुमित सेठ की ओर से पनामा में आयोजित एक कार्यक्रम में विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज-आचा वास्केज ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का समर्थन किया था। यह कार्यक्रम कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में आए भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए आयोजित किया गया था।
यह प्रतिनिधिमंडल मध्य अमेरिका के इस महत्वपूर्ण देश का दौरा कर रहा था। पनामा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का निर्वाचित सदस्य भी है। प्रतिनिधिमंडल ने पहलगाम में पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों द्वारा किए गए धार्मिक रूप से प्रेरित हमले में 26 लोगों की मौत के बाद आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट किया था।
पनामा के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो क्विंटेरो ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए समर्थन जताया था।
–आईएएनएस
एवाई/वीसी