टी20 फॉर्मेट की कप्तानी के लिए शेफाली, जेमिमा बेहतर विकल्प: मिताली राज


नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने शुक्रवार को कहा है कि शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स को टी20 फॉर्मेट में बतौर कप्तान हरमनप्रीत कौर की जगह लेने के लिए तैयार हैं।

मिताली ने भारतीय महिला टी20 कप्तान के रूप में शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स के नाम का समर्थन किया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक फैन ने मौजूदा भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना के बजाय शेफाली को कप्तान के तौर पर सपोर्ट करने पर सवाल उठाया था। इसके जवाब में मिताली ने कहा कि उन्होंने टी20 फॉर्मेट में टीम के भविष्य को देखते हुए शेफाली का नाम लिया था।

मिताली ने कहा, “शेफाली का नाम मैंने भविष्य को देखते हुए लिया। वह अभी भी युवा है, उसका स्ट्राइक रेट सबसे अच्छे में से एक है, वह गेंदबाजी कर सकती है। 2019 से टी20 सेटअप में है। नेतृत्व क्षमता मैदान पर ही विकसित होती है।”

मंधाना के बारे में पूर्व कप्तान ने ‘एक्स’ पर लिखा, “स्मृति के नेतृत्व क्षमता पर मुझे कोई शक नहीं है। वह लंबे फॉर्मेट में इंडिया की कप्तानी के लिए अच्छी हैं।”

मिताली राज ने जेमिमा रोड्रिग्स के बारे में कहा, “वह टी20 सेटअप का हिस्सा है। उसका विश्व कप बेशक अच्छा नहीं था, लेकिन ऐसा किसी भी खिलाड़ी के साथ हो सकता है। वह एक टीम प्लेयर है, निस्वार्थ और स्पिन की एक बेहतरीन खिलाड़ी है। वह अपनी फील्डिंग से हर मैच में 20-25 रन भी बचाती है। इस पर अक्सर ध्यान नहीं जाता। मेरे हिसाब से दोनों सच में कप्तानी के लिए तैयार हैं।”

22 साल की शेफाली भारत के लिए 111 और 25 साल की जेमिमा 131 टी20 खेल चुकी हैं। दोनों वनडे विश्व कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम हाल ही में इंग्लैंड में आयोजित टी20 विश्व कप 2026 से ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। 2018 में टी20 की कप्तान बनीं हरमन टीम इंडिया को टी20 विश्व कप नहीं जीता सकी हैं। ऐसे में मिताली राज का बयान छोटे फॉर्मेट में भारतीय महिला टीम के नेतृत्व के लिहाज से अहम है।

फिलहाल, हरमनप्रीत सितंबर-अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारत की कप्तानी करेंगी, और उम्मीद है कि वह अगस्त-सितंबर में महिला एशिया कप में भी उनकी कप्तानी करेंगी।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button