भारत बनाम इंग्लैंड: 'छक्कों के शतक' के साथ अभिषेक शर्मा ने इतिहास रचा, इस मामले में 'नंबर-1' बने
चेस्टर-ले-स्ट्रीट, 1 जुलाई (आईएएनएस)। अभिषेक शर्मा सबसे कम गेंदों में 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय छक्के लगाने वाले खिलाड़ी (फुल मेंबर टीम) बन गए हैं। 25 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार को जारी टी20 सीरीज के पहले मैच में यह कारनामा किया। उन्होंने इस मुकाम को हासिल करने के लिए सिर्फ 785 गेंदों का सामना किया।
इस लिस्ट में इविन लुईस दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 100 छक्के पूरे करने के लिए 789 गेंदों का सामना किया था, जबकि फिन एलन (871), टिम डेविड (931) और कॉलिन मुनरो (963) क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। लिस्ट में छठे पायदान पर मौजूद सूर्यकुमार यादव ने यहां तक पहुंचने के लिए 1,007 गेंदों का सामना किया था।
इसी के साथ अभिषेक शर्मा, रोहित शर्मा (205), सूर्यकुमार यादव (179), हार्दिक पांड्या (126) और विराट कोहली (124) के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ‘छक्कों का शतक’ लगाने वाले पांचवें भारतीय बन गए हैं।
रिवरसाइड ग्राउंड पर जारी इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 59 रन की पारी खेली। इस दौरान महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। इसी के साथ अभिषेक इंग्लैंड में टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बन गए। इससे पहले सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम था, जिन्होंने 2018 में मैनचेस्टर में 27 गेंदों में ऐसा किया था।
इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सिर्फ 6 के स्कोर तक संजू सैमसन और ईशान किशन (0) के विकेट गंवा दिए थे। यहां से अभिषेक शर्मा ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 82 रन जोड़कर टीम को संभाला।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत टीम संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के साथ उतरी है। वहीं, इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कुरेन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद और ल्यूक वुड शामिल हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी