मथुरा: जैत पुलिस के साथ मुठभेड़ में ट्रांसफार्मर चोर गैंग के दो बदमाश घायल, बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो और हथियार बरामद

मथुरा, 13 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में थाना जैत पुलिस को शुक्रवार देर रात बड़ी सफलता मिली है। ट्रांसफार्मर चोरी के शातिर गैंग के दो वांछित बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट वाली सफेद स्कॉर्पियो और ट्रांसफार्मर चोरी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 12 जून 2026 की रात करीब 11:05 बजे थाना जैत पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसफार्मर चोरी के मुकदमे में वांछित दो शातिर अपराधी रामताल रोड स्थित जैत माइनर बम्मे की ओर जा रहे हैं। बदमाश नई चोरी की फिराक में थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर ली।
जैसे ही पुलिस ने उन्हें घेरा। दोनों बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस की गोली लगने से दोनों के पैरों में चोट आई। घायल बदमाशों की पहचान अनिल उर्फ पुष्पेंद्र (28) और योगेश उर्फ टीपू (29) के रूप में हुई है। दोनों फिरोजाबाद जिले के निवासी हैं। अनिल को बाएं पैर और योगेश को दाएं पैर में गोली लगी। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद वृन्दावन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। इसमें दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस, एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो गाड़ी और ट्रांसफार्मर चोरी में इस्तेमाल होने वाले नट-बोल्ट, प्लेट, रस्सा तथा अन्य टूल्स शामिल हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। मथुरा के जैत और जमुनपार थाने में उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अनिल उर्फ पुष्पेंद्र पर फिरोजाबाद के नगला खंगर थाने और योगेश उर्फ टीपू पर लाइनपार थाने में भी मारपीट व अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उनकी पूरी गैंग और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। इस सफल ऑपरेशन से जिले में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
–आईएएनएस
एससीएच/वीसी