'न्यूजीलैंड के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक', पीएम लक्सन ने विलियमसन को शानदार करियर पर दी बधाई

नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन ने शुक्रवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। विलियमसन के रिटायरमेंट पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने पोस्ट लिखते हुए उनकी जमकर तारीफ की।
प्रधानमंत्री ने विलियमसन को न्यूजीलैंड के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि केन विलियमसन को हमेशा न्यूजीलैंड के अब तक के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में गिना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहचान सिर्फ उनकी बल्लेबाजी क्षमता या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने की वजह से नहीं है, बल्कि इसलिए भी है, क्योंकि उन्होंने पूरे करियर में जिस तरह का व्यवहार और अनुशासन दिखाया है, वह भी असाधारण है।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने विलियमसन को “क्लास खिलाड़ी” बताते हुए कहा कि वे मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह एक आदर्श खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने लिखा कि केन विलियमसन एक ऐसे क्रिकेटर हैं जिनकी तकनीक, शांत स्वभाव और खेल के प्रति समझ उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि विलियमसन न्यूजीलैंड के बे ऑफ प्लेंटी क्षेत्र के एक साधारण परिवार से आते हैं, लेकिन अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बहुत बड़ा नाम बनाया है। उन्होंने कहा कि यह सफर इस बात का उदाहरण है कि लगन और अनुशासन से कोई भी खिलाड़ी दुनिया के सबसे बड़े स्तर तक पहुंच सकता है।
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने केन विलियमसन को उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विलियमसन ने अपने देश, अपने परिवार और खुद को गर्व महसूस कराया। विलियमसन ने अपने 16 साल के इंटरनेशनल करियर पर ब्रेक लगाया। अपने करियर के दौरान उन्होंने खुद को अपनी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक और ग्लोबल क्रिकेट में सबसे सम्मानित नाम के रूप में स्थापित किया।
इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज विलियमसन ने 378 मुकाबलों में 19,346 रन के साथ अपना करियर का अंत किया। इस दौरान विलियमसन ने 48 शतक और 6 दोहरे शतक लगाए। अपने करियर में विलियमसन ने 110 टेस्ट में 9,515 रन, 174 वनडे में 7,256 रन और 93 टी20 इंटरनेशनल में 2,575 रन बनाए।
न्यूजीलैंड टीम की जर्सी पहनने वाले शायद सबसे महान खिलाड़ियों में से एक विलियमसन ने कप्तान के तौर पर भी बड़ी सफलता हासिल की। 35 साल के विलियमसन ने 2016 से 2024 तक सभी फॉर्मेट में कप्तानी की। इस दौरान न्यूजीलैंड दो बार वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची, जबकि तीन बार सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने साल 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता।
लगातार दबदबे और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर विलियमसन ने कई अलग-अलग अवॉर्ड मिले, जिसमें 2015 में आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड और 2019 में आईसीसी टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड शामिल हैं। विलियमसन ने चार बार न्यूजीलैंड क्रिकेट का सर रिचर्ड हैडली मेडल भी जीता।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम