यूपी: गाजियाबाद में 50 हजार रुपए का इनामी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस ने सुलझाया लोनी हत्याकांड


गाजियाबाद, 13 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूरे एनसीआर क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, 30 मई को गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के गनौली गांव से ओमकार सिंह के अपहरण की घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।

एसीपी के अनुसार, शनिवार तड़के पुलिस को आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इस पर तुरंत एक्शन लिया गया और पुलिस टीम ने बंथला चिरोड़ी मार्ग पर नहर के पास चेकिंग अभियान चलाया। तभी एक सफेद स्विफ्ट कार बंथला की ओर से चिरोड़ी की तरफ की आती दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने कार नहीं रोकी। पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। इसी दौरान, आरोपी की कार अनियंत्रित हुई और एक पेड़ से जा टकराई। मौका देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोलियां भी चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोलियां लग गईं।

उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में आरोपी को हिरासत में लिया गया और बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम गौरव नागर बताया। आरोपी ने अपना गुनाह भी कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ओमकार का अपहरण किया था। बाद में ओमकार की हत्या करके उसके शव को रोहटा मेरठ रोड पर गंगानगर में फेंक दिया था।

एसीपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए जाने पर आरोपी के पास से एक पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Show More
Back to top button