मोदी सरकार के 12 वर्षों में कालाबाजारी, हेराफेरी और भ्रष्टाचार पर नकेल कसने का काम हुआ : अनुराग ठाकुर

हमीरपुर, 8 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि इन वर्षों में उनके नेतृत्व में कालाबाजारी, हेराफेरी और भ्रष्टाचार पर नकेल कसने का काम हुआ। हमीरपुर में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 12 सालों में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने गवर्नेंस और जन-कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। देश की वैश्विक प्रतिष्ठा मजबूत हुई है और भारत के नेतृत्व को दुनिया भर में नई पहचान और नई ऊंचाइयां मिली हैं। इन वर्षों में भारत की सीमाएं अधिक सुरक्षित हुई हैं और सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ा है। इस दौरान 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, जो उन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव को दर्शाता है, जिन्होंने गरीबों का जीवन बदल दिया है। विगत 12 वर्षों में मोदी सरकार ने जहां एक तरफ किसानों का चहुमुखी कल्याण किया, तो वहीं दूसरी तरफ सेना का आधुनिकीकरण करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और समावेशी विकास की एक सशक्त मिसाल बनकर सामने आया है। विगत 12 वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है तथा आम नागरिकों का शासन व्यवस्था पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। बीते एक दशक से अधिक समय में केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन और जवाबदेह शासन की नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है। सुशासन और विकास को प्राथमिकता दिए जाने का ही परिणाम है कि जनता का भरोसा सरकार पर लगातार बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि देश की लगभग 95 करोड़ की जनता किसी न किसी सरकारी लाभ की योजनाओं से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़ी हुई है। डीबीटी के माध्यम से बिना किसी भ्रष्टाचार के सीधा लाभ उनके बैंक खाते में पहुंचाने का काम सरकार कर रही है। सरकार के 12 वर्षों में, भारत ने एक सदी के बराबर विकास किया है। इस नजरिए से, 2047 तक ‘विकसित भारत’ और एक उज्ज्वल भविष्य का विजन साफ दिखाई देता है।
उन्होंने आगे कहा कि ‘अंत्योदय’ की भावना से प्रेरित होकर, मोदी सरकार ने महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों और समाज के हर वर्ग के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए काम किया है। गरीबों को 3.5 करोड़ से ज्यादा पक्के घर देना, जन-धन योजना के जरिए लाखों लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ना, आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपए तक की मुफ्त स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना, पीएम-किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों की मदद करना, महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए भ्रष्टाचार व बिचौलियों को खत्म करना, ये उपलब्धियां दिखाती हैं कि मोदी सरकार ने सिर्फ बदलाव का वादा ही नहीं किया, बल्कि उसे करके भी दिखाया है।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम