यह कोई गठबंधन नहीं, 'ठगबंधन' है, कई दलों का जनाधार अब सिर्फ कागजों पर: गिरिराज सिंह

नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। इंडिया गठबंधन की बैठक और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के दक्षिण भारत के साथ भेदभाव संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि विपक्ष देश को क्षेत्रीय आधार पर बांटने की कोशिश कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस हताशा है और विपक्ष के नेता राहुल गांधी देश के युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम रेवंत रेड्डी उत्तर और दक्षिण भारत के बीच विभाजन की राजनीति कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने सवाल किया कि क्या सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मुद्दे पर जवाब देंगे? उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और गृह मंत्री अलग-अलग क्षेत्रों से आते हैं, लेकिन वे पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में क्षेत्रीय भेदभाव का आरोप निराधार है।
उन्होंने इंडिया अलायंस की बैठक पर कहा कि यह गठबंधन नहीं, बल्कि ‘ठगबंधन’ है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन में शामिल कई दल केवल कागजों पर मौजूद हैं और उनका जनाधार कमजोर हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस पर वंशवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी परिवारवाद से बाहर नहीं निकल पा रही है और अकेले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने में सक्षम नहीं है।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के बयान पर भी गिरिराज सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बूथ कैप्चरिंग का दौर अब समाप्त हो चुका है और जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला सुनाती है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर सत्ता के लिए बेचैन होने का आरोप लगाया।
तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों के एनडीए को समर्थन देने की अटकलों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजनीतिक प्रतिनिधि अपना भविष्य देख रहे हैं और जनता अब जवाब मांग रही है। उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस का प्रभाव लगातार घट रहा है और पार्टी संकट के दौर से गुजर रही है।
वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली ‘इस्तेमाल करो और छोड़ दो’ की रही है। उनके इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
–आईएएनएस
एसएके/डीकेपी