घुसपैठ के मुद्दे पर बोले अबू आजमी, एक भी बांग्लादेशी नहीं मिला, एसआईटी की रिपोर्ट कहां?

नंदुरबार, 3 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने अवैध बांग्लादेशी नागरिकों, ‘लव जिहाद’, किसानों की आत्महत्या और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों पर सरकार की नीतियों पर निशाना साधा।
नंदुरबार में मीडिया से बातचीत करते हुए अबू आजमी ने केंद्र और महाराष्ट्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। घुसपैठ के मुद्दे पर अबू आजमी ने कहा, “जन्म प्रमाण पत्र रोक दिए गए थे। आज हजारों बच्चों को उनके प्रमाण पत्र नहीं मिले हैं। एक एसआईटी बनाई गई थी, लेकिन आज तक एसआईटी की रिपोर्ट जमा नहीं की गई है। एक भी बांग्लादेशी नहीं मिला। अगर देश में बांग्लादेशी मौजूद हैं, तो वे अंदर कैसे आए? सरकार तो भाजपा चला रही है और सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। यह सब जान-बूझकर किया जा रहा है ताकि बार-बार अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा सके।
आजमी ने कहा, “‘जिहाद’ एक बहुत ही सम्मानित शब्द है, जिसका मतलब संघर्ष है। ‘लव जिहाद’, ‘लैंड जिहाद’ जैसे शब्द बकवास हैं। प्राचीन काल से हिंदू-मुस्लिम शादियां होती रही हैं। संविधान कहता है कि 18 साल की उम्र के बाद कोई भी व्यक्ति आजाद है और जिससे चाहे शादी कर सकता है। मैं गारंटी दे सकता हूं कि भारत में ऐसा कोई मुस्लिम संगठन नहीं है जो कहता हो कि हिंदू लड़कियों से शादी करो। इस मुद्दे को जान-बूझकर निशाना बनाया जा रहा है।”
उन्होंने किसानों की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा, “यह सरकार क्या गारंटी देगी कि महाराष्ट्र में किसानों की सबसे ज्यादा आत्महत्याएं रुक जाएंगी? हर सरकार आती है और चली जाती है। किसान 4-5 हजार, 15 हजार, 20 हजार के कर्ज के बोझ तले दबकर आत्महत्या कर रहे हैं। बहुत सहानुभूति दिखाई जाती है, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है।”
समाजवादी पार्टी के विधायक ने आरोप लगाया कि मुसलमानों का ध्रुवीकरण कर इसे गांवों तक फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, “वे कहते हैं कि पूरे देश को ‘हरा’ बना देंगे और दावा करते हैं कि वे मुख्यमंत्री बनेंगे।”
—आईएएनएस
एसएके/डीकेपी