सोना 1,200 रुपए और चांदी 3,700 रुपए से अधिक सस्ती हुई


नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली, जिससे दोनों कीमती धातुओं का दाम क्रमश: 1,200 रुपए और 3,700 रुपए से अधिक घट गया है।

इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 1,258 रुपए कम होकर 1,55,036 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जो कि मंगलवार को 1,56,294 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

22 कैरेट सोने का दाम 1,43,165 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,42,013 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,17,221 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,16,277 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है।

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है। चांदी का दाम 3,725 रुपए कम होकर 2,61,575 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,65,300 रुपए प्रति किलो था।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर खबर लिखे जाने तक सोना का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.41 प्रतिशत घटकर 1,58,690 रुपए और चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.99 प्रतिशत घटकर 2,64,054 रुपए पर पहुंच गया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना 1.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,459 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73 डॉलर प्रति औंस पर थी।

एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सत्र में सोने में कमजोरी के साथ कारोबार हुआ। इसकी वजह डॉलर और कच्चे तेल में तेजी होना था, जिससे बुलियन मार्केट का सेंटीमेंट पर नकारात्मक असर पड़ा।

उन्होंने आगे कहा कि निवेशकों का अब फोकस अमेरिका से आने वाले डेटा जैसे बेरोजगारी के आंकड़े और नॉन-फार्म पेरोल पर है। इससे सोने की आगे की दिशा तय होगी।

त्रिवेदी के मुताबिक, सोने के लिए एमसीएक्स पर सपोर्ट 1,56,000 रुपए और रुकावट का स्तर 1,61,500 रुपए के आसपास है।

–आईएएनएस

एबीएस


Show More
Back to top button