म्यूनिख वर्ल्ड कप: ईशा ने 25 मीटर पिस्टल में बनाया 'वर्ल्ड रिकॉर्ड', गोल्ड पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। ओलंपियन ईशा सिंह ने बुधवार को म्यूनिख के मशहूर ओलंपिक शूटिंग रेंज में साल के दूसरे इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल इवेंट के फाइनल में विमेंस 25 मीटर पिस्टल इवेंट में 43 के वर्ल्ड रिकॉर्ड (और जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड) स्कोर के साथ गोल्ड पर निशाना साधा। दो दिनों की प्रतियोगिता के बाद म्यूनिख वर्ल्ड कप में यह भारत का पहला मेडल भी था।
तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और दो बार की एशियन गेम्स मेडलिस्ट ईशा ने फाइनल मुकाबले में, पांच-पांच शॉट की 10 सीरीज में से आधी सीरीज में एकदम सही पांच शॉट लगाए। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन डोरीन वेनेकैंप उनसे पूरे पांच शॉट पीछे रहीं, जिन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। बुल्गारिया की मिरोस्लावा मिनचेवा ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया, जबकि मौजूदा ओलंपिक चैंपियन यांग जिन पांचवें स्थान पर रहीं।
यह 21 वर्षीय भारतीय शूटर का चौथा व्यक्तिगत वर्ल्ड कप मेडल था। ईशा ने क्वालिफिकेशन के रैपिड-फायर राउंड में 294 का स्कोर किया। मंगलवार को प्रिसिजन राउंड में 293 का स्कोर करने के बाद, कुल 587 अंकों के साथ उन्होंने क्वालिफिकेशन में चौथा स्थान हासिल किया। हमवतन मनु भाकर और राही सरनोबत ने क्रमशः 582 और 581 का स्कोर किया, और 98 खिलाड़ियों के इस मुकाबले में 12वें और 14वें स्थान पर रहीं।
इसके बाद, फाइनल में ईशा ने जोरदार शुरुआत करते हुए पहली तीन सीरीज में लगातार तीन ‘परफेक्ट फाइव’ लगाए, जिससे शेष आठ खिलाड़ियों से उनकी बढ़त काफी बढ़ गई। 12 अंकों के साथ डोरीन उनकी सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी थीं, जबकि वियतनाम की ट्रिन्ह थू विन्ह 10 हिट्स के साथ तीसरे स्थान पर थीं।
ईशा चौथी सीरीज का पहला निशाना चूक गईं, जो एलिमिनेशन का पहला चरण भी था, लेकिन फिर भी वह डोरीन से चार अंक आगे थीं। इस बीच, ओलंपिक चैंपियन यांग ‘परफेक्ट फाइव’ के साथ तीसरे स्थान पर आ गईं।
छठी और आठवीं सीरीज में उन्होंने फिर से पांचों निशाने सही लगाए। अब मेडल पक्का हो चुका था और उनकी नजरें वर्ल्ड रिकॉर्ड पर थीं। ईशा ने आखिरी में चार और तीन के स्कोर के साथ अपना प्रदर्शन समाप्त किया। उन्होंने दो साल पहले बाकू में कोरिया की किम येजी के रिकॉर्ड (42 हिट्स) को एक हिट से बेहतर कर दिया। इसके साथ ही यांग जिन के जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड (41 हिट्स) को भी पीछे छोड़ा।
विमेंस 50 मीटर राइफल 3 पोजिशंस इवेंट में आशी चौकसे फाइनल में पहुंचने से महज एक अंक के मामूली अंतर से चूक गईं। 70 निशानेबाजों (आरपीओ निशानेबाजों सहित) के इस मुकाबले में 589 अंकों के साथ वह प्रभावी रूप से 10वें स्थान पर रहीं (कुल मिलाकर 12वें स्थान पर)।
नॉर्वे की जेनेट हेग ड्यूस्टैड ने ब्रिटेन की सियोनैड मैकइंटोश को हराकर गोल्ड मेडल जीता। मेजबान देश की अन्ना जानसेन ने कांस्य पदक अपने नाम किया। महिलाओं की 3 पोजिशंस स्पर्धा में हिस्सा ले रहीं अन्य भारतीय खिलाड़ियों में, विदार्सा विनोद ने 588 का स्कोर बनाकर कुल मिलाकर 14वां स्थान हासिल किया, जबकि तिलोत्तमा सेन 583 के स्कोर के साथ 48वें स्थान पर रहीं।
गुरुवार को, म्यूनिख वर्ल्ड कप के तीसरे दिन सिर्फ एक ही फाइनल मुकाबला शामिल खेला जाएगा। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड मेडल के लिए भिड़ंत देखने को मिलेगी। इस स्पर्धा में भारत की उम्मीद ओलंपियन इलावेनिल वलारिवन, आर्या बोरसे और पहली बार हिस्सा ले रहीं साक्षी पाडेकर से होंगी।
–आईएएनएस
आरएसजी