सिद्दारमैया का गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा संभव : आरवी देशपांडे

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे इस पद पर उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा और राज्य में चल रहे सत्ता संघर्ष का भी अंत हो जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नौ बार के विधायक आरवी देशपांडे ने बुधवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान सिद्दारमैया के पद छोड़ने की लगभग पुष्टि कर दी।
देशपांडे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “ऐसा कल या परसों हो सकता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि सिद्दारमैया के उनके विरोधी पक्ष के लिए रास्ता साफ करने की खबर उनके जैसे कई लोगों के लिए आश्चर्यजनक थी। इस मामले पर कांग्रेस हाईकमान से विचार-विमर्श किया गया और निर्णय लिया गया।
देशपांडे ने कहा, “हमने उन्हें समझाने की कोशिश की और उनसे मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का आग्रह किया, लेकिन अब ऐसा होने की संभावना कम ही लगती है, क्योंकि ऐसा लगता है कि उन्होंने अपना मन बना लिया है। वो जल्द ही पद छोड़ सकते है।”
देशपांडे का यह बयान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की गुरुवार सुबह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी के साथ होने वाली महत्वपूर्ण नाश्ते की बैठक से पहले आया है। इस बैठक के बाद ही मुख्यमंत्री द्वारा सत्ता परिवर्तन की घोषणा किए जाने की संभावना है।
बुधवार को विधानसभा में सिद्दारमैया से पत्रकारों ने नेतृत्व परिवर्तन के बारे में भी सवाल किए। उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया और एक वाक्य में जवाब दिया, “मैं कल बोलूंगा।”
गौरतलब है कि सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के गुटों के बीच मनमुटाव काफी समय से है। डीके शिवकुमार ढाई साल के सत्ता-साझाकरण फॉर्मूले पर अड़े हुए थे, जैसा कि राज्य में सरकार गठन के दौरान कथित तौर पर सहमति बनी थी। इस बार यह विवाद दिल्ली स्थित कांग्रेस हाईकमान तक पहुंचा और कुछ समय तक इस मुद्दे पर टालमटोल करने के बाद उन्हें ‘मजबूरन’ फैसला लेना पड़ा।
खबरों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान ने शिवकुमार को अगले मुख्यमंत्री के रूप में पदोन्नत करने की मंजूरी दे दी है और कैबिनेट मंत्रियों के चयन को लेकर दिल्ली में अभी भी विचार-विमर्श जारी है।
आरवी देशपांडे ने पत्रकारों से बात करते हुए अगले मुख्यमंत्री का नाम स्पष्ट रूप से नहीं बताया, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन का फैसला कांग्रेस हाईकमान ही करेगी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अगली कैबिनेट में जगह मिलेगी, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में पक्का पता नहीं है।
–आईएएनएस
एसएके/एबीएम