बायोपिक में किस अभिनेता को अपना किरदार निभाते देखना चाहते हैं संग्राम सिंह, रेसलर ने किया खुलासा


मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। भारत के मशहूर रेसलर और अभिनेता संग्राम सिंह अपनी फिटनेस और बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। खेल की दुनिया से लेकर मनोरंजन जगत तक उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। इस बीच आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपनी जिंदगी, संघर्ष और भविष्य को लेकर खुलकर बात की।

इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि अगर कभी उनकी जिंदगी पर बायोपिक बनती है, तो वह किस अभिनेता को अपना किरदार निभाते देखना चाहेंगे। इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बॉलीवुड के कई बड़े एक्टर्स के नाम लिए और उनके काम की तारीफ की।

संग्राम सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”अभी मुझे लगता है कि मेरी जिंदगी पर बायोपिक बनने में काफी समय है, क्योंकि मैं खुद को अभी भी सीखने और आगे बढ़ने के दौर में मानता हूं। अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है। इंसान को हमेशा आगे बढ़ते रहना चाहिए और अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करते रहना चाहिए। अभी मेरा सफर खत्म नहीं हुआ है।”

आईएएनएस ने जब उनसे पूछा कि अगर भविष्य में कभी उनकी बायोपिक बनती है, तो वह किस एक्टर को अपना किरदार निभाते देखना पसंद करेंगे। इस पर संग्राम सिंह ने रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, विक्की कौशल और कार्तिक आर्यन जैसे कलाकारों के नाम लिए और कहा कि ये सभी कलाकार मेरे किरदार के साथ न्याय कर सकते है। ये सभी बेहद प्रतिभाशाली हैं और हर तरह के किरदार में खुद को ढालने की क्षमता रखते हैं।

संग्राम सिंह ने एक्टर्स की एक्टिंग की तारीफ करते हुए कहा, ”इन अभिनेताओं ने अलग-अलग तरह के रोल निभाकर लोगों का दिल जीता। किसी भी बायोपिक में सिर्फ चेहरे की समानता नहीं, बल्कि भावनाओं और संघर्ष को सही तरीके से दिखाना ज्यादा जरूरी होता है। मुझे लगता है कि ये कलाकार उस भावना को अच्छे से पर्दे पर उतार सकते हैं।”

संग्राम सिंह ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, “मैं भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता पहलवान केडी जाधव की जिंदगी पर बन रही फिल्म का हिस्सा बनने जा रहा हूं। यह मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि गर्व और सम्मान की बात है।”

संग्राम सिंह ने कहा, “जब मैंने केडी जाधव के जीवन के बारे में पढ़ना शुरू किया, तब मुझे एहसास हुआ कि इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद भी उनकी जिंदगी आसान नहीं थी। उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वह असली हकदार थे। उन्हें जीवन में कई कठिनाइयों और संघर्षों का सामना करना पड़ा।”

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button